लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया।

यह अभियान भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की परिकल्पना के अंतर्गत देशभर के 10,000 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ प्रसारित किया गया। इसका उद्देश्य देश के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान भारत के सभी राज्यों में दो वर्ष की प्रारंभिक अवधि के लिए संचालित किया जा रहा है, जिसका लक्ष्य युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखते हुए स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक नागरिक बनाना है।

महाविद्यालय में आयोजित इस लाइव प्रसारण कार्यक्रम में समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. प्रियंका शर्मा ने की। उन्होंने छात्राओं को इस देशव्यापी कार्यक्रम के महत्व से अवगत कराया।
प्रो. संजीव कुमार अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने तथा नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इसी जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्राओं ने नशा मुक्ति विषय पर पोस्टर भी बनाए।

कार्यक्रम में इतिहास विभाग से डॉ. प्रीति वाजपेयी, एनसीसी अधिकारी डॉ. नेहा जैन, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशि मिश्रा एवं डॉ. विशाल वर्मा, रेंजर्स प्रभारी डॉ. स्मिता पाण्डेय, अर्थशास्त्र विभाग से डॉ. अमितेंद्र सिंह तथा अंग्रेजी विभाग से डॉ. साधना सिंह यादव ने भी छात्राओं को संबोधित किया। कार्यक्रम के सूत्रधार डॉ. विशाल वर्मा रहे।

एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया, जबकि एनएसएस स्वयंसेविकाओं एवं रेंजर्स छात्राओं ने सामाजिक सेवा, जनजागरूकता रैलियों, शपथ अभियान तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से नशा मुक्त भारत के उद्देश्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
लाइव प्रसारण के उपरांत उपस्थित सभी शिक्षकगण एवं छात्राओं ने नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण हेतु अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। सभी ने प्रतिज्ञा की कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, समाज में जनजागरूकता फैलाएंगे तथा युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal