Saturday , August 1 2026

छात्राओं को मिला टेबलेट, महाविद्यालय को ₹10 लाख और 5,000 पुस्तकों की सौगात

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वामी विवेकानन्द डिजीशक्ति योजनांतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए टेबलेट्स का वितरण किया गया। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने स्नातकोत्तर की छात्राओं को टेबलेट्स वितरित किया। 

उन्होंने विधायक क्षेत्रीय विकास निधि से 10 लाख रुपये महाविद्यालय में आवश्यक विकास कार्यों हेतु देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की लाइब्रेरी को समृद्ध बनाने के लिए 5,000 पुस्तकें भेंट करने का भी ऐलान किया। इस अवसर पर भूमि विकास बैंक उत्तर प्रदेश के सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

इस मौके पर विधायक डा. नीरज बोरा ने टेक्नोलॉजी के सही और सकारात्मक इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी और छात्र ही भारत का वास्तविक भविष्य हैं। युवाओं को जंतर-मंतर जैसे स्थानों पर दिशाहीन प्रदर्शनों में अपना समय व्यर्थ करने के बजाय शिक्षा के पवित्र मंदिरों से निकलकर देश के गौरवशाली संस्थानों—संसद, इसरो (ISRO), एम्स (AIIMS) और भारतीय सेना जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में जाकर राष्ट्र विकास को गति देने का कार्य करना चाहिए। 

विशिष्ट अतिथि विवेक सिंह तोमर ने कहाकि प्रदेश सरकार की इस योजना से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का समान अवसर मिल रहा है। जो उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। लेकिन छात्राओं और शिक्षकों को भी यह तय करने की आवश्यकता है कि साधनों का सदुपयोग कैसे हो सके। 

योजना के नोडल अधिकारी डॉ अरविंद ने डिजीशक्ति की पूर्ण आख्या प्रस्तुत की। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने कहाकि छात्राएं जब तकनीकी रूप से समृद्ध होंगी तभी विकसित भारत का सपना पूरा होगा। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक द्वारा दी गई वित्तीय सहायता और पुस्तकें महाविद्यालय के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। 

लखनऊ विवि के दीक्षांत समारोह में महाविद्यालय की एमए गृह विज्ञान की छात्रा शबनम निशा को मिले स्वर्ण पदक के लिए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने उसे सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. पूनम वर्मा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ भास्कर शर्मा ने किया। इस अवसर पर डिजी शक्ति योजना के सदस्यों डॉ. श्वेता भारद्वाज, डॉ. हेमलता पांडे, डॉ. श्रद्धा द्विवेदी, डॉ. राहुल पटेल सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक मौजूद रहे।