लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर स्थित शिव सहाय जी सभागार में शुक्रवार को यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की तीनों शाखाओं के कुल 224 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बतौर मुख्य अतिथि मौजूद डॉ. दिनेश कुमार (मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मंडल) ने मेधावियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से विज्ञान प्रदर्शनियों और लखनऊ जिले की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों से उनका लगातार संवाद होता रहा है।

उन्होंने कहा कि बाल निकुंज में विद्यार्थियों को मिलने वाले संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनकी सफलता का मजबूत आधार हैं। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनमें पर्याप्त ऊर्जा, ज्ञान और क्षमता है, इसलिए उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी।

सम्मानित मेधावियों में बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पल्टन छावनी के रिषभ सिंह चौहान ने 87.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीनों शाखाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर के अबुल हसन ने 86.20 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा, बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल के आर्यन विश्वकर्मा ने 85.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
समारोह में कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, तीनों शाखाओं के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ प्रभारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal