Thursday , July 30 2026

नवप्रवेशित छात्राओं को पढ़ाया आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का पाठ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महाविद्यालय, अलीगंज में स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए परिचयात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से अवगत कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत महाविद्यालय तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के कुलगीत का सामूहिक पाठ हुआ।

मुख्य अतिथि इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ निदेशक डॉ. अनिल मिश्र एवं निदेशक डॉ. अनामिका सिन्हा ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने नवागंतुक छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि एनएससीबी का एक अर्थ नोबल, स्ट्रॉन्ग, कॉन्फिडेंट एवं ब्रिलियंट भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि शक्ति और व्यक्तित्व निर्माण का भी केंद्र है। छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।

डॉ. अनिल मिश्र ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महाविद्यालय राजधानी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक है, जहाँ छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के लिए उत्कृष्ट वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। वहीं डॉ. अनामिका सिन्हा ने छात्राओं को इग्नू द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित शिक्षा के साथ-साथ इग्नू के माध्यम से अनेक रोजगारपरक एवं कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रम भी किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्राध्यापकों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें समय-सारिणी, निर्धारित वर्दी, अनुशासन तथा महाविद्यालय में संचालित साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. उमा सिंह ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं नवप्रवेशित छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके सफल शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।