Tuesday , July 28 2026

पासपोर्ट सेवाओं के साथ बच्चों की सुविधा का भी ध्यान, खुला चिल्ड्रेन प्ले एरिया

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ में एक विशेष चिल्ड्रेन प्ले एरिया का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए आने वाले अभिभावकों एवं उनके बच्चों को अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

नव स्थापित प्ले एरिया में बच्चों के मनोरंजन एवं सुरक्षित खेल-कूद हेतु विभिन्न खेल सामग्री एवं गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। अब अभिभावक अपने पासपोर्ट संबंधी कार्य निश्चिंत होकर कर सकेंगे, जबकि उनके बच्चे सुरक्षित वातावरण में खेल सकेंगे।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने कहा कि पासपोर्ट सेवा केवल दस्तावेज़ उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को सहज, सुगम एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करना भी हमारी प्राथमिकता है। बच्चों के लिए यह प्ले एरिया उसी दिशा में लिया गया है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ इस नागरिक हितैषी पहल को साकार करने में सहयोग प्रदान करने हेतु एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस,लखनऊ के प्रति आभार व्यक्त करता है। उनके सहयोग से यह सुविधा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई जा सकी है।