Sunday , July 26 2026

बाल निकुंज : यूपी बोर्ड इंटरमीडियट की 222 मेधावी बेटियां को किया सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की ओर से शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज, रामपुर बेहरा, बीकेटी स्थित सभागार में इंटरमीडिएट की मेधावी छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बाल निकुंज की तीनों शाखाओं की 222 छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति गीतों पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता से हुआ। इस मौके पर बाल निकुंज के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से देशभक्ति की अलख जगाई। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. अशोक बाजपेई ने मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी, शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अशोक बाजपेई का जन्मदिवस भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुष्पवर्षा, केक काटकर जन्मदिन का उत्सव तथा 21 किलो की भव्य पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल एवं निकुंज परिवार ने उन्हें भगवान श्रीराम की स्मृति से जुड़ा स्मृति-चिह्न भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने सभी सम्मानित छात्राओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन आयुष जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। समारोह राष्ट्रभक्ति, शिक्षा और प्रतिभा सम्मान के भाव के साथ संपन्न हुआ।