लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को सेक्टर-15, इंदिरा नगर स्थित अटल पार्क में सामाजिक संस्था “स्प्रेडिंग स्माइल्स” के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के मुख्य संयोजक एवं सोशल एक्टिविस्ट शेखर कुमार तथा संस्था की अध्यक्षा एवं समाजसेविका सुनीता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रितु गुप्ता, शौर्या श्रीवास्तव, प्रतिमा वर्मा, अभिषेक सिन्हा, राजेश श्रीवास्तव, मुनेन्द्र प्रसाद, आलोक सीक्रीवाल, आलोक कुमार, विनोद कुमार, राकेश रंजन, राकेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार, सुनील गुप्ता, अमरेश कुमार सहित अनेक लोगों ने पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाया।

मुख्य संयोजक शेखर कुमार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने लखनऊ समेत अन्य स्थानों पर भी अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
संस्था की अध्यक्षा सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने-अपने क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही लखनऊ को हरित एवं स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उद्यान अधिकारी गंगा राम गौतम, सुपरवाइजर धीरज चौधरी सहित उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य संयोजक शेखर कुमार ने सभी सहयोगियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal