Saturday , July 25 2026

औचक निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में लापरवाही पर भड़के विधायक डॉ. नीरज बोरा, दिए ये निर्देश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यातायात को सुगम बनाने की दिशा में कार्यशील जानकीपुरम स्थित कुर्सी रोड से शुक्ला चौराहे की ओर जाने वाले नहर रोड मुख्य मार्ग पर जल निगम द्वारा सीवर की ट्रंक लाइन कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय निवासियों की मांग पर शनिवार शाम क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों मे शिथिलता पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि नहर रोड पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने और 25 अगस्त तक कार्य पूर्ण करने का सख्त आदेश दिया।

इस दौरान विधायक ने कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि “जहाँ भी लाइन डालने का कार्य चल रहा हो, वहाँ अनिवार्य रूप से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए” ताकि आमजन का आवागमन किसी भी दशा में न रुके। आगामी नवरात्रि त्यौहार को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्य से स्थानीय दुकानदारों के व्यापार में कोई समस्या न आए। साथ ही जनेश्वर इंक्लेव के सामने कार्यशील हिस्से को 3 दिनों के भीतर पूर्ण करने को कहा। 

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था चाक चौबंद करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क निर्माण के साथ ही अपनी लाइनें डालने का कार्य पूर्ण करें, ताकि बाद में सड़क की पुनः खुदाई न करनी पड़े। नगर निगम को मार्ग निर्माण के साथ-साथ पूरी पट्टी पर ग्रीन बेल्ट चिह्नित कर सघन वृक्षारोपण करने के स्पष्ट आदेश दिए गए। 

निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशाषी अभियंता दिव्यांशु सिंह, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सुशील वर्मा, अधिशाषी अभियंता अरुण भारती, जलकल के अधिशाषी अभियंता मनोज कुमार, सुएज़ इंडिया के जोनल इंचार्ज (जोन-3) योगेश सिंह, नगर निगम/LSA के जोनल अधिकारी (जोन-3) मुकेश त्रिपाठी, नगर निगम से सुमित सिंह सहित जलकल, विद्युत एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।