Saturday , July 25 2026

नए जोश के साथ मैदान में उतरा जन उद्घोष व्यापार मंडल, पदाधिकारियों ने ली शपथ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कुछ माह पूर्व एक व्यापारिक संगठन से अलग हुए व्यापारी नेताओं ने नए संगठन की नींव रखी। जन उदघोष व्यापार मंडल के नाम से गठित नए संगठन का शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में नहर रोड जानकीपुरम विस्तार में आयोजित समारोह में प्रदेश इकाई के साथ ही लखनऊ जिला, नगर और स्थानीय इकाइयों के पदाधिकारियों ने शपथ लेने के साथ ही व्यापारी हितों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में प्रदेश इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, संरक्षक पंकज मौर्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, महामंत्री विनोद कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मंगल प्रसाद वर्मा मीडिया प्रभारी किशन सिंह, मंत्री आर.के. सिंह चौहान, जिला इकाई के अध्यक्ष नवीन, महामंत्री विनय सिंह, कोषाध्यक्ष स्वप्निल मिश्रा, महानगर इकाई के अध्यक्ष विपिन सिंह, महामंत्री रोहित शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रवण मौर्य, जानकीपुरम विस्तार इकाई के अध्यक्ष अरुण सिंह फौजी, महामंत्री दिवाकर पांडे, कोषाध्यक्ष श्याम गुप्ता, जानकीपुरम इकाई के अध्यक्ष मनीष थापा, महामंत्री रोहित कुमार, कोषाध्यक्ष संतोष सचान तथा विकासनगर इकाई के अध्यक्ष अभिनव निगम, महामंत्री चंद्रशेखर भट्ट एवं कोषाध्यक्ष केसरी नंदन गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

व्यापारी जितने संगठित होंगे, अर्थव्यवस्था उतनी मजबूत होगी : डॉ. नीरज बोरा

मुख्य अतिथि लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने व्यापारियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सदस्यों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी एकजुटता और सक्रिय भागीदारी होती है। जितना मजबूत संगठन होगा, उतनी ही प्रभावी ढंग से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराया जा सकेगा। उन्होंने नवगठित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन का विस्तार व्यापारियों के विश्वास और एकता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करना उनका दायित्व है। उन्होंने बताया कि हाल ही में क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण समस्या के समाधान के लिए उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता और व्यापारियों से किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।

विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि जब लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी तो बाजार में मांग बढ़ेगी, व्यापार का विस्तार होगा, उत्पादन और निर्यात में वृद्धि होगी तथा सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। इससे प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। डॉ. नीरज बोरा ने व्यापारियों से सरकार की विकास योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

सहकारिता के माध्यम से व्यापारी और किसान दोनों को मिलेगा सशक्तिकरण : डॉ. विवेक सिंह तोमर

विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर ने कहा कि सहकारिता का मूल उद्देश्य आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है और संगठित व्यापारी समाज किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की सबसे बड़ी ताकत होता है।

उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग जितना अधिक संगठित होगा, उसकी समस्याओं का समाधान उतना ही प्रभावी ढंग से हो सकेगा। डॉ. तोमर ने कहा कि व्यापारी भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े होते हैं और अनेक व्यापारी किसान परिवारों से आते हैं। ऐसे में छोटे व्यापार के लिए भी सहकारी बैंक की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल केवल व्यापारिक हितों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जन उद्घोष व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों की प्रभावी आवाज बनने के साथ-साथ सामाजिक प्रतिष्ठा और नई ऊंचाइयों को भी प्राप्त करेगा।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जन उद्घोष व्यापार मंडल प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिस प्रकार आम नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत योजना संचालित है, उसी प्रकार प्रदेश के व्यापारियों के लिए भी “आयुष्मान व्यापारी कार्ड” लागू किया जाए, ताकि छोटे एवं मध्यम व्यापारी तथा उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में प्रदेश, जिला, महानगर एवं सभी इकाइयों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।