लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, बेलीगारद स्थित शिव सहाय जी सभागार में शनिवार को प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए “मैंगो पार्टी” का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने फलों के राजा आम के विभिन्न स्वादों का आनंद लिया और खेल-कूद के साथ यादगार पल बिताए। बच्चों ने आम से जुड़े गीतों, खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिक्षिका श्वेता दीक्षित के मार्गदर्शन में बच्चों ने मलिहाबादी दशहरी और चौसा आम का स्वाद चखा। इसके साथ ही मैंगो फ्रूटी, माजा सहित अन्य पेय पदार्थों का आनंद लेते हुए बच्चों ने एक-दूसरे के साथ आंख-मिचौली खेली और खूब मस्ती की। पूरे सभागार में बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला ने बच्चों को आम के पोषण एवं स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भरपूर फल है, लेकिन इसका सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि एक बार में एक आम खाना पर्याप्त होता है तथा रेशेदार आम, जैसे चौसा और सफेदा, पाचन की दृष्टि से अधिक लाभकारी माने जाते हैं।

प्रधानाचार्या ने बताया कि आम में प्रचुर मात्रा में विटामिन-सी, विटामिन-ए (बीटा कैरोटीन), विटामिन-ई और विटामिन-बी6 पाए जाते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, आंखों की रोशनी बनाए रखने तथा शरीर के समुचित विकास में सहायक हैं। इसके अलावा आम में पोटेशियम, कॉपर और मैग्नीशियम जैसे आवश्यक खनिज भी मौजूद होते हैं, जो रक्तचाप को नियंत्रित रखने और शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि आम में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं, इसलिए यह मौसमी फलों में अत्यंत लाभकारी माना जाता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal