लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। कलर्स के लोकप्रिय धारावाहिक ‘बरेली के बच्चन’ में संगम का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री रमनीक कटारिया का कहना है कि उनका किरदार आज की महत्वाकांक्षी और आत्मनिर्भर युवतियों का प्रतिनिधित्व करता है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए हर चुनौती का सामना करने को तैयार रहती हैं।
शो के प्रमोशन के लिए शुक्रवार को लखनऊ पहुंची रमनीक ने टेलीस्कोप टुडे संवाददाता शम्भू शरण वर्मा से खास बातचीत में बताया कि संगम एक युवा, महत्वाकांक्षी और स्वतंत्र सोच वाली लड़की है, जिसका सपना आर्किटेक्ट बनना है। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने करियर और भविष्य को लेकर बड़े सपने संजोती है, लेकिन उसके परिवार की पुरानी सोच के कारण उसकी शादी तय कर दी जाती है। परिवार का मानना है कि लड़कियों का अंतिम लक्ष्य शादी ही होना चाहिए, जबकि संगम इस सोच से सहमत नहीं है।
उन्होंने कहा कि कहानी में संगम की शादी ऐसे युवक से तय होती है, जिसकी सोच बेहद रूढ़िवादी और महिलाओं को सीमित भूमिकाओं में देखने वाली है। वह मानता है कि शादी के बाद लड़की का काम केवल घर संभालना और घरेलू जिम्मेदारियां निभाना है। इसी परिस्थिति से निकलने की कोशिश में संगम की जिंदगी में कृष्णा की एंट्री होती है, जो ड्राइवर बनकर आता है। घटनाक्रम ऐसा मोड़ लेता है कि अंततः संगम और कृष्णा की शादी हो जाती है और यहीं से कहानी में नए ट्विस्ट शुरू होते हैं।

अपने किरदार की खासियत बताते हुए रमनीक ने कहा कि संगम की सबसे बड़ी ताकत उसका आत्मविश्वास और निडर स्वभाव है। जब भी अन्याय होता है, वह उसका डटकर मुकाबला करती है। शुरुआती एपिसोड में दर्शक देखेंगे कि वह गलत बात का विरोध करने से पीछे नहीं हटती। हालांकि उसकी कमजोरी यह है कि परिवार के सख्त माहौल और पिता के अनुशासन के कारण वह कई बार अपनी भावनाओं को दबाकर रखती है। इसके बावजूद समय आने पर वह पूरी मजबूती के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़ी होती है।
बरेली में शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए रमनीक ने कहा कि वहां शूटिंग करना बेहद यादगार रहा। लगातार शूटिंग के व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद पूरी टीम ने शहर के कई प्रसिद्ध स्थानों और मंदिरों में शूट किया। इस दौरान उन्हें बरेली को करीब से देखने और वहां की संस्कृति को जानने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि बरेली के लोगों का अपनापन उन्हें बहुत पसंद आया। इसके अलावा उत्तर भारत का स्वादिष्ट खाना भी उन्हें बेहद पसंद आया। रमनीक ने बताया कि उन्होंने वहां की चाट का भरपूर आनंद लिया और कहा कि उत्तर भारतीय व्यंजनों का स्वाद मुंबई से बिल्कुल अलग और खास है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लखनऊ का खाना भी बेहद पसंद है और वह खुद बहुत बड़ी फूड लवर हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ती नकारात्मकता और ट्रोलिंग पर अपनी राय रखते हुए रमनीक ने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन में हर बात को जरूरत से ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। सकारात्मक बातों को स्वीकार करें और नकारात्मक टिप्पणियों को नजरअंदाज करना सीखें।
उन्होंने कहा, “हम कलाकार अपने किरदारों और शो के लिए बहुत मेहनत करते हैं। दर्शकों का प्यार और समर्थन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें उम्मीद है कि लोग इसी तरह अपना स्नेह देते रहेंगे और हमारा शो सैकड़ों नहीं, बल्कि हजारों एपिसोड तक दर्शकों का मनोरंजन करता रहेगा।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal