लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर के 65वें वार्षिकोत्सव एवं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव का समापन शुक्रवार को भक्ति, संस्कृति और सेवा के अद्भुत संगम के साथ हुआ। समापन अवसर पर आयोजित श्री रामस्वरूप महाराज मेमोरियल पुरस्कार समारोह में समाज, शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, खेल एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 10 प्रबुद्ध विभूतियों को सम्मानित किया गया। वहीं भगवान श्री जगन्नाथ के महाभोग एवं महाप्रसाद वितरण में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान ने विभूतियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मंजरी उपाध्याय, अवधेश मिश्रा, साहित्यकार अशोक पांडेय, समाजसेवी सोमनाथ कश्यप, खिलाड़ी अबु हुबैदा, चिकित्सक डॉ. एस.के. तिवारी, समाजसेवी अनिल बसिन, समाजसेवी रुपेश अग्रवाल, प्रियंक गुप्ता, शिक्षाविद् अन्नपूर्णा आचारी तथा लेखक डॉ. शिलावंत सिंह शामिल रहे।

समारोह का शुभारंभ हुमा साहू की गणेश वंदना एवं भगवान श्री जगन्नाथ पर आधारित मनोहारी नृत्य प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद स्वाध्य मिश्रा ने मंगल गीत पर आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। भजन गायक धनंजय मिट्ठूल ने भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा परिसर भक्तिरस में डूब गया।
समापन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ को पारंपरिक विधि-विधान से छोला चावल, आलू-टमाटर की सब्जी, कद्दू, कढ़ी, हलवा और बूंदी सहित विभिन्न व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। महाभोग के पश्चात साधु-संतों को सर्वप्रथम श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण कराया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने भगवान श्री जगन्नाथ का महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में ‘जय जगन्नाथ’ के गगनभेदी जयघोष के बीच देर तक महाप्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहारी लाल साहू ने की। इस अवसर पर ओमकार जायसवाल, घनश्याम दास अग्रवाल, गोविंद साहू, राकेश साहू, श्यामजी साहू, प्रियंक गुप्ता, अनुराग साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal