लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। असंगठित क्षेत्र के निर्माण श्रमिकों को सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से श्रम विभाग एवं विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में शुरू किए गए ‘श्रमिक सुरक्षा कवच अभियान’ के दूसरे दिन बुधवार को बारा बिरवा लेबर अड्डे पर विशेष पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सुबह से ही पंजीकरण काउंटर पर राजमिस्त्री, पेंटर, प्लंबर, कारपेंटर और दिहाड़ी श्रमिकों मौजूद थे। शिविर के दौरान दर्जनों श्रमिकों का मौके पर ही नया पंजीकरण किया गया और पुराने कार्डों का नवीनीकरण कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित श्रम विभाग के श्रम प्रवर्तन अधिकारी संतोष कुमार ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा, यदि आप भवन निर्माण श्रमिक है तो अपना पंजीयन अवश्य करवाएं। जिन लोगों ने अपना पंजीयन करवा लिया है वह श्रमिक समय से नवीनीकरण शिविर या जनसेवा केंद्र के माध्यम से जरूर करवाएं। उन्होंने बताया कि भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब आपका नवीनी करण होगा। इसके साथ ही बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
इंडिया लेबर लाइन के राज्य समन्वयक गुरुप्रसाद ने श्रमिकों को बताया कि इंडिया लेबर लाइन हेल्पलाइन के माध्यम से मजदूरी भुगतान से जुड़ी समस्या, कार्यस्थल पर चोट –चपेट तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाती है। इंडिया लेबर लाइन द्वारा संचालित 1800-833-9020 हेल्पलाइन पर प्रातः 8 बजे से रात 8 बजे के मध्य कॉल कर सकते है। उन्होंने श्रमिकों से अपील करते हुए कहाकि सरकार द्वारा तमाम कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है लेकिन उनकी जानकारी रखना और उससे संबंधित दस्तावेज रखना आपकी भी जिम्मेदारी है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal