Tuesday , September 1 2026

हर नया किरदार मेरे लिए नई चुनौती, दर्शकों का प्यार देता है ऊर्जा : इशिता दत्ता


लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। बॉलीवुड और टेलीविजन जगत की अभिनेत्री इशिता दत्ता ‘दे दे प्यार दे 2’, ‘ब्लैंक’ और ‘फिरंगी’ जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। दृश्यम और दृश्यम 2 के बाद इशिता जल्द ही फिल्म ‘दृश्यम 3’ में नजर आएंगी, जिसकी रिलीज का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

फिल्म ‘दृश्यम‘ और ‘दृश्यम 2’ में अंजू का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच विशेष पहचान बनाने वाली इशिता ने टेलीस्कोप टुडे संवाददाता शम्भू शरण वर्मा से विशेष बातचीत के दौरान अपने करियर, अभिनय अनुभव, युवाओं के लिए संदेश और होम डेकोर से जुड़ी पसंद पर खुलकर विचार साझा किए। बुधवार को बॉलीवुड अभिनेत्री इशिता दत्ता नहर रोड जानकीपुरम विस्तार स्थित एशियन पेंट्स के कलर आइडियाज़ स्टोर सताक्षी इंटरप्राइजेज पहुंची थी।

इशिता दत्ता ने कहा कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में काम करने का उनका अनुभव बहुत अच्छा रहा है। उन्हें हमेशा टीम का भरपूर सहयोग मिला और अच्छे लोगों के साथ काम करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि उनका अब तक का सफर काफी सकारात्मक रहा है।

टेलीविजन से फिल्मों तक के अपने सफर पर इशिता ने कहा कि यह परिवर्तन काफी सहज रहा। उन्होंने बताया कि उन्होंने सबसे पहले टीवी शो किए और उसके बाद फिल्मों के प्रस्ताव मिलने शुरू हुए। उस समय उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनका करियर इतनी बड़ी दिशा ले लेगा, लेकिन धीरे-धीरे सब कुछ स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ता गया।

अपने पसंदीदा किरदारों के बारे में पूछे जाने पर अभिनेत्री ने कहा कि उनके लिए अब तक निभाए गए सभी किरदार खास रहे हैं। हालांकि ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ में अंजू का किरदार उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर वह हमेशा नए और अलग तरह के किरदार निभाना चाहती हैं ताकि दर्शकों को हर बार कुछ नया देखने को मिले।

युवाओं के लिए संदेश देते हुए इशिता दत्ता ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने युवाओं से मेहनत करने, जमीन से जुड़े रहने और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी हो गया है। हर व्यक्ति को अपनी मानसिक स्थिति के प्रति सजग रहना चाहिए और जरूरत पड़ने पर मदद लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

होम डेकोर और इंटीरियर डिजाइन में अपनी रुचि का जिक्र करते हुए इशिता ने कहा कि घर को सुंदर बनाना हर व्यक्ति की प्राथमिकता होती है और इसके लिए सही विकल्प चुनना महत्वपूर्ण है।