लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से सीएसआईआर-केन्द्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (CSIR-CDRI) एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा आर्य कन्या पाठशाला, निशातगंज में विज्ञान जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “नई दवा की खोज – एक संक्षिप्त परिचय” विषय पर एक प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान आयोजित किया गया।
इस व्याख्यान को सीएसआईआर-सीडीआरआई के वरिष्ठ पूर्व छात्र (सीनियर अलुमनाइ) डॉ. विष्णु लाल शर्मा एवं प्रो. अर्चना तलवार ने संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नई दवा की खोज एवं विकास की संपूर्ण वैज्ञानिक प्रक्रिया से परिचित कराया। अपने व्याख्यान में उन्होंने बताया कि किसी नई दवा के विकास की यात्रा रोग की पहचान, उपचार लक्ष्य (Therapeutic Target) के चयन, संभावित औषधीय अणुओं की खोज, प्रीक्लिनिकल एवं क्लिनिकल परीक्षण, नियामकीय स्वीकृतियों तथा अंततः सुरक्षित एवं प्रभावी दवा को रोगियों तक पहुँचाने जैसी अनेक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से होकर गुजरती है।

वक्ताओं ने सरल एवं रोचक उदाहरणों के माध्यम से आधुनिक औषधि अनुसंधान के वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझाते हुए बताया कि नई दवाओं के विकास में वैज्ञानिकों, चिकित्सकों, जैव-प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों तथा नियामक संस्थाओं की समन्वित भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सतत अनुसंधान तथा नैतिक मूल्यों के आधार पर ही वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने उनमें वैज्ञानिक जिज्ञासा, तार्किक सोच एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जैव-चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर अवसरों की जानकारी देते हुए राष्ट्र निर्माण में वैज्ञानिकों की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया तथा उन्हें भविष्य में वैज्ञानिक अनुसंधान को अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दवा विकास, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा विज्ञान में करियर से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान किया। छात्राओं की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साह ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बना दिया।
यह विज्ञान जनजागरूकता कार्यक्रम सीएसआईआर-सीडीआरआई एलुमनाई एसोसिएशन की उस सतत पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी में वैज्ञानिक चेतना का विकास करना, विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना तथा समाज और वैज्ञानिक समुदाय के मध्य प्रभावी संवाद स्थापित करना है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal