Tuesday , July 14 2026

अनुप्रिया का किरदार निभाकर खुद में महसूस किया बड़ा बदलाव : अंकिता बहुगुणा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सन नियो का नया शो ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। शो की दिलचस्प कहानी के साथ-साथ इसके किरदार भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इनमें से एक है अनुप्रिया, जिसका किरदार अंकिता बहुगुणा निभा रही हैं। अनुप्रिया अपने अलग अंदाज़ और मजबूत व्यक्तित्व की वजह से खास पहचान बना रही है।

अपने किरदार के बारे में अंकिता ने कहा, “मैं शो में अनुप्रिया का किरदार निभा रही हूँ। वह पढ़ी-लिखी, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी लड़की है। वह अपनी माँ के साथ मिलकर अपनी कंपनी चलाती है। अनुप्रिया अपनी ज़िंदगी में अच्छी तरह से सेटल है और उसे पता है कि उसे जीवन में क्या चाहिए। उसका व्यक्तित्व बहुत मजबूत है और उसमें एक नैचुरल ‘बॉस लेडी’ वाला आत्मविश्वास है। वह अपने फैसले खुद लेती है और पूरे भरोसे के साथ उन पर कायम रहती है।”

उन्होंने कहा, “अनुप्रिया का किरदार निभाना मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव है, क्योंकि मैंने इससे पहले ऐसा किरदार कभी नहीं निभाया। इस रोल को निभाते हुए मुझे भी एक नया आत्मविश्वास मिला है। हर दिन शूटिंग के दौरान मैं अनुप्रिया के बारे में कुछ नया सीखती हूँ, जिससे यह सफर और भी मजेदार बन जाता है। मैं इस किरदार को निभाते हुए बहुत खुश हूँ।”

‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ एक साधारण लड़की की प्रेरणादायक कहानी है, जो अपने हालात से आगे बढ़कर बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की हिम्मत रखती है। यह कहानी बताती है कि यदि आपके अंदर हिम्मत, मेहनत और खुद पर भरोसा हो, तो कोई भी सपना बड़ा नहीं होता।