मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आगामी एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ के लिए एक बेहद आध्यात्मिक और यादगार पल तब आया जब फिल्म के निर्माताओं ने इसकी बहुप्रतीक्षित थिएट्रिकल रिलीज़ से पहले योग गुरु बाबा रामदेव से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
फिल्म को अपना समर्थन देते हुए बाबा रामदेव ने कहा, “महाप्रभु जगन्नाथ हमारे जीवन के स्वामी हैं। वे हमारे सनातन जीवन की प्राणशक्ति हैं। उनका जीवन, उनकी दिव्य लीलाएं, उनका चरित्र, उनके संदेश, उनकी शिक्षाएं, उनके प्रति भक्ति और श्रद्धा—यही हमारी संस्कृति का वास्तविक संस्कार हैं। उनसे जुड़ना जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है।”
उन्होंने फिल्म के निर्माताओं की सराहना करते हुए कहा, “जिस तरह यह फिल्म बच्चों को ध्यान में रखकर बनाई गई है ताकि उनमें हमारी संस्कृति और संस्कारों का संचार हो सके, उसके लिए पूरी टीम को मेरी हार्दिक बधाई। अपने बच्चों को यह फिल्म ज़रूर दिखाइए ताकि वे अपने धर्म और संस्कृति से जुड़ सकें। हमें अपनी जड़ों और अपनी संस्कृति की ओर लौटना चाहिए। जय जगन्नाथ।”

‘महाप्रभु जगन्नाथ’ एक संपूर्ण पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है, जो बेहतरीन एनिमेशन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन मूल्यों को प्रस्तुत करती है। यह लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज़ ‘जय जगन्नाथ’ की शानदार सफलता के बाद बड़े पर्दे पर लाई जा रही है।
एले एनिमेशन्स प्राइवेट लिमिटेड ने फिल्म के व्यापक प्रदर्शन के लिए सिनेपोलिस के साथ साझेदारी की है। यह फिल्म 300 से अधिक सिनेमाघरों में हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में रिलीज़ होगी। साथ ही अमेरिका, कनाडा और यूरोप में भी इसका अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन किया जाएगा।
फिल्म के निर्माता दुर्गा प्रसाद दलई, निर्देशक श्रीपाद वारखेडकर, पटकथा एवं संवाद लेखिका पल्लवी शर्मा और संगीतकार अविरल कुमार हैं। 17 जुलाई को रिलीज़ होने वाली यह फिल्म 16 जुलाई को आयोजित होने वाली पवित्र जगन्नाथ रथ यात्रा के ठीक अगले दिन सिनेमाघरों में पहुंचेगी। भुवनेश्वर स्थित एले एनिमेशन्स प्राइवेट लिमिटेड इस भव्य प्रस्तुति को लेकर तैयार है। बाबा रामदेव के आशीर्वाद और इन्द्रेश उपाध्याय की उपस्थिति में 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं के बीच हुए भव्य ट्रेलर लॉन्च के बाद फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal