दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा के साथ-साथ इंग्लैंड टीम के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन को प्रतिष्ठित आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने पर बधाई दी।जय शाह ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, मुझे आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले नए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह उन असाधारण खिलाड़ियों के लिए सम्मान है जिनकी उपलब्धियों ने हमारे खेल में बहुत बड़ा योगदान दिया है। सौरव गांगुली, अंजुम चोपड़ा और केविन पीटरसन, सभी ने गर्व के साथ अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी की। मैं आईसीसी की ओर से तीनों को इस सम्मान के लिए बधाई देता हूं।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने तीनों खिलाड़ियों को हॉल ऑफ फेम में शामिल करने की घोषणा की है। तीनों दिग्गजों ने विभिन्न प्रारूपों में क्रिकेट में उत्कृष्ट योगदान दिया है।सौरव गांगुली आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 10वें पुरुष भारतीय क्रिकेटर बने हैं, जबकि अंजुम चोपड़ा यह सम्मान हासिल करने वाली तीसरी भारतीय महिला क्रिकेटर हैं।सौरव गांगुली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 424 मैच खेले, जिनमें 18,575 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 38 शतक और 107 अर्धशतक लगाए। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 113 मैचों में 7,212 रन, जबकि 311 वनडे मैचों में 11,363 रन दर्ज हैं।भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने देश में महिला क्रिकेट के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने अपने 17 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान 3,500 से अधिक रन बनाए और 100 वनडे मैच खेलने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर भी बनीं।आईसीसी हॉल ऑफ फेम की प्रतिष्ठित सूची में शामिल इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 13,797 रन बनाए। उन्होंने 104 टेस्ट मैचों में 8181 रन, 136 वनडे में 4440 रन और 37 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1176 रन बनाए।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal