Friday , July 10 2026

SCIENCE CITY : साइंस कार्निवाल 13 जुलाई से, छात्रों को मिलेगा विज्ञान का अनूठा अनुभव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आंचलिक विज्ञान नगरी द्वारा 13 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक लखनऊ एवं आसपास के जनपदों के विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए फुल-डोम फिल्म फेस्टिवल एवं साइंस कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को गत एक वर्ष के दौरान आंचलिक विज्ञान नगरी में विकसित एवं उद्घाटित अत्याधुनिक विज्ञान सुविधाओं तथा नवीन विज्ञान आकर्षणों का अनुभव कराना है।

इस महोत्सव के दौरान विद्यार्थी नवीन साईंमैक्स (SCIMAX) फुल-डोम फिल्में, नॉलेज ऑन स्फीयर (Knowledge on Sphere-KOS) तथा नवीन 3-डी फिल्म शो का आनंद ले सकेंगे। साथ ही उन्हें साइंस कार्निवल एवं आंचलिक विज्ञान नगरी की अन्य आकर्षक एवं शैक्षिक गतिविधियों में भाग लेने का भी अवसर मिलेगा।

उन्नत साईंमैक्स थिएटर में प्रदर्शित की जाने वाली फुल-डोम फिल्मों में “निंगालू: ऑस्ट्रेलियाज़ अदर ग्रेट रीफ” के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑस्ट्रेलिया के अद्भुत प्रवाल भित्ति (कोरल रीफ) पारिस्थितिकी तंत्र की रोमांचक यात्रा कराई जाएगी, जबकि “द ग्रेट डायनासोर सीक्रेट” में अत्याधुनिक 360-डिग्री दृश्य प्रभावों के माध्यम से डायनासोरों की अद्भुत दुनिया और उनके रहस्यों से परिचित कराया जाएगा।

इसी प्रकार, इस वर्ष उद्घाटित नॉलेज ऑन स्फीयर (KOS) में स्थापित विशाल डिजिटल ग्लोब के माध्यम से पृथ्वी, ग्रहों की गतियों एवं अन्य भू-विज्ञान संबंधी विषयों को आकर्षक दृश्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 3-डी थिएटर में “जंगल सफारी” एवं “एलियंस अमंग द स्टार्स” फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को वन्यजीवन एवं अंतरिक्ष विज्ञान की रोमांचक दुनिया से परिचित कराएंगी।

इन आकर्षणों के अतिरिक्त प्रतिभागियों को साइंस कार्निवल, इंटरैक्टिव दीर्घाओं (गैलरी) तथा साइंस सिटी के अन्य प्रमुख विज्ञान आकर्षणों का भी अवलोकन करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका भ्रमण एक संपूर्ण ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक अनुभव बनेगा।

विद्यालयों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 25 से अधिक विद्यार्थियों वाले संगठित विद्यालयी समूहों के लिए प्रति विद्यार्थी मात्र ₹50 का विशेष रियायती पैकेज टिकट निर्धारित किया गया है। बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी तथा विद्यालय अपनी सुविधा अनुसार फिल्म एवं शो का समय चुन सकेंगे।