देहरादून/बदरीनाथ : श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से बदरीनाथ मंदिर की भेंट गणना में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में एक कर्मचारी के खिलाफ कोतवाली बदरीनाथ में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई गई है। मामले की समिति और शासन स्तर पर उच्च स्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है।प्राथमिकी के अनुसार, सोशल मीडिया पर दो जुलाई को प्रसारित सूचना के आधार पर मंदिर की भेंट गणना में कथित अनियमितता की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में संबंधित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल पर सुबह करीब नौ बजे से साढ़े नौ बजे के बीच भेंट गणना स्थल से नकदी अवैध रूप से उठाकर ले जाने की पुष्टि होने का दावा किया गया है।समिति ने बताया कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी को निलंबित करने के साथ उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आठ जुलाई को कोतवाली बदरीनाथ में मामला दर्ज कराया गया।पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समिति का कहना है कि विभागीय जांच की कार्रवाई भी समानांतर रूप से जारी रहेगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal