रुदौली के सीओ आशीष निगम को भावभीनी विदाई, रायबरेली के लिए हुए स्थानांतरित

अयोध्या (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रुदौली क्षेत्र में 2 साल 4 माह तक कानून व्यवस्था संभालने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष निगम का तबादला अब रायबरेली जिले में हुआ है। इस अवसर पर कोतवाली रुदौली में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। 

कोतवाली प्रभारी और अधीनस्थों ने कहा कि आशीष निगम के कार्यकाल में रुदौली क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगा और जनता-पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ। भूमि विवादों के निपटारे, शांति व्यवस्था बनाए रखने और सामुदायिक पुलिसिंग में उनका योगदान सराहनीय रहा। पुलिसकर्मियों ने उनके अनुशासन, मृदुभाषी व्यवहार और हर समस्या में सहयोग करने वाले स्वभाव की खूब सराहना की।

सीओ आशीष निगम ने कहा, “रुदौली की जनता और पुलिस टीम का सहयोग मुझे हमेशा याद रहेगा। 2 साल 4 महीने का यह कार्यकाल मेरे लिए बेहद खास रहा। आप सभी के साथ मिलकर ही हम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सफल हुए।

इस अवसर पर कोतवाली स्टाफ ने उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में कोतवाली रुदौली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मौर्य, पटरंगा थानाध्यक्ष शशीकांत यादव, थानाध्यक्ष मवई मनोज यादव, थानाध्यक्ष बाबा बाजार शैलेंद्र आजाद, उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह सहित सभी उपनिरीक्षक, सिपाही और क्षेत्र के निवासी मौजूद रहे।