Thursday , June 25 2026

‘थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान’ में अभिजीत की एंट्री, हीरो-विलेन की रेखा होगी धुंधली

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। हर कहानी में एक ऐसा किरदार होता है जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देता है और जिसकी असली मंशा को समझना आसान नहीं होता। सन नियो के आने वाले शो ‘थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान ‘ में ऐसा ही दिलचस्प किरदार है अभिजीत, जिसे अभिनेता गौरव बाजपेयी निभा रहे हैं। यह शो वैदेही की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाता है, लेकिन अभिजीत का किरदार कहानी में एक अलग ही रोमांच जोड़ता है। दर्शक यह सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि वह हीरो है, विलेन है या दोनों का मिश्रण।

शो का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए गौरव बाजपेयी ने कहा, “मैं ‘थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान’ शो का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं क्योंकि इसकी कहानी बहुत अलग और दमदार है। यह शो एक युवा लड़की की जिंदगी, उसके संघर्ष, चुनौतियों और उतार-चढ़ाव को बहुत खूबसूरती से दिखाता है। इसकी पूरी कहानी शानदार है और मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे इसका हिस्सा बनने का मौका मिला।”

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं इस शो में अभिजीत का किरदार निभा रहा हूं। वह ऐसा इंसान है जो हर चीज़ में परफेक्शन चाहता है। चाहे उसकी निजी जिंदगी हो या प्रोफेशनल जिंदगी, वह सब कुछ बिल्कुल सही चाहता है। लेकिन उसकी यही परफेक्शन की चाहत उसकी जिंदगी में कई मुश्किलें और चुनौतियां भी पैदा करती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इन परिस्थितियों का सामना कैसे करता है और अपनी जिंदगी की हर बात की योजना कैसे बनाता है।”

उन्होंने कहा, “अभिजीत का किरदार खास इसलिए है क्योंकि वह शो का हीरो भी है, लेकिन कई लोगों को वह विलेन भी लग सकता है। उसके व्यक्तित्व के दोनों पहलू हैं, जो उसे एक बहुत ही गहरा और दिलचस्प किरदार बनाते हैं।”