Thursday , June 18 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मप्र के 5 दिवसीय प्रवास पर, आज ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी

खण्डवा : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय पर आ रही हैं। वे अपने प्रवास के पहले दिन बैतूल में “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” महासम्मेलन में शामिल होंगी। इसके पश्चात राष्ट्रपति खंडवा जिले के ओंकारेश्वर पहुंचकर ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन कर संध्या आरती में शामिल होंगी।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विशेष विमान से आज प्रात: 9:25 बजे इंदौर एयरपोर्ट आएंगी और यहां वे हेलिकॉप्टर द्वारा बैतूल के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति सुबह 10:50 बजे बैतूल पहुंचेंगी। यहां स्वागत के पश्चात राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पौधरोपण करेंगी और इसके बाद ब्रम्हकुमारी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ फोटो सेशन होगा। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन होगा।मुख्य कार्यक्रम मंच पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद द्वीप प्रज्वलन होगा। इस दौरान मंच पर उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा राष्ट्रपति का शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर स्वागत अभिनन्दन किया जाएगा। राजयोगिनी बीके मंजु दीदी द्वारा स्वागत उदबोधन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी।राष्ट्रपति कलश एवं ध्वज द्वारा महासम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। तत्पश्चात क्रमशः जोनल संचालक राजयोगिनी बीके शैलजा दीदी, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके व राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा उद्बोधन होगा। इसके बाद राष्ट्रपति द्वारा उद्बोधन दिया जाएगा। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात राष्ट्रपति मिलानपुर टोल नाका हेलीपेड के लिये प्रस्थान करेगी। यहां से दोपहर 12:45 बजे राष्ट्रपति ओंकारेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी।खंडवा जिला प्रशासन के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर 1:30 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगी तथा एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति ओंकारेश्वर में शाम 6:20 बजे ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मन्दिर में दर्शन एवं आरती कर रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस में करेंगी। अगले दिन 19 जून को राष्ट्रपति प्रातः 10 बजे अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति प्रातः 11:30 बजे ओंकारेश्वर हेलिपेड से इन्दौर के लिए प्रस्थान करेंगी।राष्ट्रपति के दौरे के चलते सम्पूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र एवं कोठी हेलीपेड के आसपास 2 किमी. क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ऋषव गुप्ता ने ड्रोन नियम 2021 के तहत 19 जून तक सम्पूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र एवं कोठी हेलीपेड के आसपास के 2 किमी. क्षेत्र को “नो ड्रोन क्षेत्र” क्षेत्र घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि यह आदेश जिले के सम्पूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र में प्रभावशील रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।इंदौर जिला प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 जून को ओंकारेश्वर में अंतरराष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 12:15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वे दोपहर 12.25 बजे इंदौर एयरपोर्ट से पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्ड एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी।राष्ट्रपति 20 जून को शाम 6.10 बजे वायुयान द्वारा जबलपुर एयरपोर्ट आएंगी। यहां से वे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगी। वे रात्रि विश्राम जबलपुर के सर्किट हाउस में ही करेंगी। राष्ट्रपति अगले दिवस 21 जून को प्रात: 7:20 बजे जबलपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रपति दोपहर 11:40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के 36वें कान्क्लेव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।इसके पश्चात् वे दोपहर 1:20 बजे जबलपुर एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 2:20 बजे ग्वालियर पहुंचेंगी। यहां से वे हेलिकॉप्टर द्वारा कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 3:35 बजे कूनो गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। राष्ट्रपति रात्रि विश्राम कूनो गेस्ट हाउस में करेंगी। वे अगले दिवस 22 जून को प्रात: 6:30 वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी।राष्ट्रपति प्रात: 10:20 बजे कूनो नेशनल पार्क हेलीपेड से प्रस्थान कर प्रात: 11:05 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगी और ग्वालियर एयरपोर्ट से प्रात: 11:15 बजे वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति के पांच दिवसीय दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों पर हाई सिक्योरिटी और नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।