Saturday , June 13 2026

बंधन बैंक और सेंट्रम फिनवर्स ने लॉन्च किया 3-इन-1 इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बंधन बैंक ने सेंट्रम ग्रुप की फुल-सर्विस ब्रोकरेज फर्म ‘सेंट्रम फिनवर्स लिमिटेड’ के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत एक बेहतरीन 3-इन-1 अकाउंट की शुरुआत की जाएगी, जो बैंकिंग, डीमैट और ट्रेडिंग सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ेगा। इस सहयोग का उद्देश्य ग्राहकों के लिए निवेश की प्रक्रिया को सरल बनाना और भारत के तेजी से बढ़ते वित्तीय बाजारों में उनकी भागीदारी को आसान बनाना है।

इस सुविधा के जरिए ग्राहक बंधन बैंक के बड़े ब्रांच नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से बेहद आसानी से और बिना कागजी कार्रवाई (पेपरलेस) बैंकिंग, डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट खोल और चला सकेंगे। ग्राहकों को इक्विटी (शेयर), आईपीओ, डेरिवेटिव्स, ईटीएफ और इंडेक्स सहित निवेश के कई सारे विकल्प मिलेंगे।

इसके साथ ही, उन्हें चार्ट-आधारित निष्पादन, एल्गोरिथमिक रणनीतियों और मार्जिन लेवरेज जैसी आधुनिक ट्रेडिंग सुविधाएं भी मिलेंगी। सेंट्रम फिनवर्स के तकनीक-आधारित निवेश प्लेटफॉर्म और बंधन बैंक के मजबूत ग्राहक आधार के संयोजन से यह साझेदारी ग्राहकों को सुरक्षित, सहज और ग्राहक-केंद्रित अनुभव प्रदान करने का प्रयास करेगी।

साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए बंधन बैंक के एमडी और सीईओ पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा, “बंधन बैंक में हमारा हमेशा से यह प्रयास रहा है कि हम अपने ग्राहकों के लिए वित्तीय सेवाओं को अधिक सुलभ, समावेशी और सुविधाजनक बनाएं। सेंट्रम फिनवर्स के साथ यह साझेदारी उस दिशा में एक बड़ा कदम है। क्योंकि यह भरोसेमंद बैंकिंग और आसान निवेश सुविधा को एक ही प्लेटफॉर्म पर साथ लाती है। जैसे-जैसे अधिक से अधिक भारतीय धन संचय की यात्रा में शामिल हो रहे हैं। हमारा मानना है कि ऐसे एकीकृत समाधान विभिन्न क्षेत्रों के ग्राहकों को अपने निवेश को बढ़ाने और बचत करने के लिए आत्मविश्वास और सही साधन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।