लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने ग्राहक-केंद्रित नवाचार एवं समावेशी बैंकिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए लखनऊ में नई-पीढ़ी की फिजिटल शाखा का शुभारंभ किया।
शुक्रवार को लाल सिंह (कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा) ने अलीगंज एक्सटेंशन शाखा का शुभारंभ किया। यह शाखा बैंक ऑफ बड़ौदा, लखनऊ ज़ोन की प्रथम फिजिटल शाखा है, जो पारंपरिक बैंकिंग सेवाओं एवं आधुनिक डिजिटल तकनीक का अभिनव संगम प्रस्तुत करती है।
इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, लखनऊ अंचल), समीर रंजन पांडा (महाप्रबंधक डिजिटल चैनल्स एवं संचालन तथा डिजिटल ऋण व्यवसाय), आदित्य कन्नौजिया (उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ मेट्रो क्षेत्र) तथा रुबिया खान (शाखा प्रबंधक, अलीगंज एक्सटेंशन शाखा) सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लाल सिंह (कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा) ने कहा, ” लखनऊ में फिजिटल शाखा का शुभारंभ बैंक ऑफ़ बड़ौदा के नवाचार, परिचालन उत्कृष्टता एवं ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। ये पहलें क्षेत्र में हमारी उपस्थिति को और सुदृढ़ करेंगी, साथ ही हमें बेहतर बैंकिंग एवं वसूली सेवाएं प्रदान करने में सक्षम बनाएंगी।”
फिजिटल शाखा बैंकिंग क्षेत्र की एक नवीन अवधारणा है, जिसमें ग्राहकों को पारंपरिक शाखा सेवाओं के साथ-साथ अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इस प्रकार की शाखाओं में सेल्फ-सर्विस कियोस्क, डिजिटल ऑनबोर्डिंग, त्वरित खाता खोलने की सुविधा, वीडियो बैंकिंग तथा विभिन्न बैंकिंग सेवाओं तक तेज़ एवं सहज पहुंच उपलब्ध होती है। इससे ग्राहकों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं श्रेष्ठ बैंकिंग अनुभव प्राप्त होता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal