ओमैक्स मेट्रो सिटी का ग्रीन मिशन, 10 हजार पौधों से संवरेगी टाउनशिप

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ओमैक्स मेट्रो सिटी ने बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। इस पहल के तहत 690 एकड़ में फैली एकीकृत टाउनशिप में चरणबद्ध तरीके से 10 हजार पेड़ और पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। यह अभियान सतत शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस पहल का उद्देश्य टाउनशिप में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना, वायु गुणवत्ता में सुधार करना और निवासियों के साथ-साथ आसपास के समुदाय के लिए स्वस्थ एवं संतुलित वातावरण तैयार करना है। पौधारोपण अभियान में स्थानीय निवासियों, हितधारकों और ओमैक्स की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर ओमैक्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर मोहित गोयल ने कहा कि टाउनशिप का निर्माण केवल बुनियादी ढांचा खड़ा करना नहीं है, बल्कि ऐसे वातावरण का विकास करना भी है जहां समुदाय बेहतर तरीके से जीवन जी सके। यह पौधारोपण अभियान जिम्मेदार और भविष्य को ध्यान में रखकर किए जा रहे शहरी विकास के हमारे बड़े विजन का हिस्सा है। शहरों के लगातार विस्तार के बीच पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। इस पहल के माध्यम से हम अधिक हरित, स्वस्थ और टिकाऊ आवासीय वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं। हमारी जिम्मेदारी केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण, देखभाल और विकास को सुनिश्चित करना भी हमारी प्राथमिकता है, ताकि वे टाउनशिप के विकसित होते इकोसिस्टम का स्थायी हिस्सा बन सकें।

इस अभियान की खास बात यह है कि ओमैक्स ग्रुप केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करेगा। कंपनी का लक्ष्य इन पौधों को भविष्य में एक मजबूत हरित संपदा के रूप में विकसित करना है, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिल सके।