गुजरात साइंस सिटी : सीता अशोक के पौधों से सजेगा परिसर, पूरे मानसून चलेगा अभियान

अहमदाबाद (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुजरात साइंस सिटी में पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण बचाने, पेड़ लगाने और प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करना था।

पर्यावरण संरक्षण के तहत साइंस सिटी परिसर के ‘अशोक वन’ में विशेष रूप से पवित्र और औषधीय गुणों वाले सीता अशोक (Saraca asoca) के पेड़ों का बड़े पैमाने पर रोपण किया गया। सीता अशोक का पेड़ अपने सुंदर केसरिया-लाल फूलों और घनी छाया के लिए जाना जाता है। जो न केवल पर्यावरण को शुद्ध करता है, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी इसका अनूठा महत्व है।

गुजरात साइंस सिटी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही पूरे मानसून के दौरान चलने वाले वृक्षारोपण अभियान का भी शुभारंभ किया गया है। इस वृक्षारोपण अभियान के तहत मानसून के मौसम का अधिकतम लाभ उठाते हुए, साइंस सिटी और इसके आसपास के क्षेत्रों में हजारों नए पेड़ लगाने और उन्हें पोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।