लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के छात्रों ने बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के संबद्ध संस्थानों के 521 बीटेक छात्रों की जानी-मानी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विस यानि टीसीएस में कैंपस प्लेसमेंट हुआ है। कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित कैंपस ड्राइव में इन छात्रों का चयन टीसीएस में हुआ है।
चयनित छात्र कंपनी के प्राइम, डिजिटल एवं निंजा पद पर कार्यरत होंगे। प्राइम में चयनित छात्रों को 11 लाख रूपये सालाना, डिजिटल पर सात लाख तीस हजार रूपये सालाना एवं निंजा पर चयनित छात्रों को तीन लाख 60 हजार रूपये सालाना का पैकेज मिलेगा। इसके अलावा कंपनी की ओर से अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।
चयनित छात्रों को कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने छात्रों को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। छात्रों को न केवल नई उभरती तकनीकी की ट्रेनिंग दी जा रही है बल्कि उद्योगों के एक्सपर्ट भी मार्गदर्शन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है। ताकि अधिक से अधिक छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। साथ ही इंडस्ट्री की जरूरत के मुताबिक छात्रों को तैयार करने के लिए समय-समय पर विशेष इंटर्नशिप प्रोग्राम का भी आयोजन किया जा रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal