लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने यूपीआई भुगतान ऐप, बॉब इ पे पर तीन नई सुविधाएं -भुगतान के लिए मोबाइल ओएस-नेटिव बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन, यूपीआई पिन सेट/रीसेट करने के लिए यूआईडीएआई-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तथा इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स (आईओटी)-आधारित भुगतान की पेशकश करने की घोषणा की। बॉब इ पे एक यूनिवर्सल यूपीआई ऐप है जो सभी बैंकों के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।
इस पहल के बारे में बात करते हुए संजय मुदालियर (कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा) ने कहा, “आज के समय में ग्राहक बाधा रहित, सहज एवं सुरक्षित डिजिटल भुगतान की अपेक्षा रखते हैं। बॉब इ पे पर इन नई सुविधाओं की पेशकश के साथ, हम सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए उपयोगकर्ता अनुभव को सरल तथा बेहतर बना रहे हैं। ये नवाचार दर्शाते हैं कि हम हमारे ग्राहकों के लिए भविष्य के लिए तैयार डिजिटल बैंकिंग समाधान प्रदान करने की दिशा हमारे निरंतर प्रयासरत हैं।”
यूपीआई भुगतान के लिए मोबाइल ओएस (ऑपरेटिंग सिस्टम) का नेटिव बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन
मोबाइल ओएस-नेटिव बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन सुविधा के साथ, ग्राहक अब अपने मोबाइल डिवाइस पर पंजीकृत फिंगरप्रिंट अथवा फेस आईडी का उपयोग करके ₹5,000 तक के यूपीआई लेनदेन को अधिकृत कर सकते हैं।जिससे बॉब इ पे पर भुगतान तेज, बाधा रहित एवं अधिक सुरक्षित हो जाएगा। यह सुविधा पिन रहित लेन-देन को संभव बनाती है, जिससे कई पिन याद रखने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है तथा दैनिक भुगतान अधिक त्वरित एवं सहज हो जाता है। इसमें यह सुनिश्चित करना कि केवल पंजीकृत डिवाइस का स्वामी ही डिवाइस-स्तरीय बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन के माध्यम से लेनदेन को मंज़ूरी दे सकता है, सुरक्षा को भी सुदृढ़ करता है जिससे धोखाधड़ी या दुरुपयोग का जोखिम काफी कम हो जाता है।
ग्राहकों के पास लेनदेन प्रमाणीकरण के लिए यूपीआई पिन तथा बायोमेट्रिक्स में से एक को चुनने का विकल्प उपलब्ध होगा। यह सुविधा P2P और P2M दोनों प्रकार के लेनदेन, साथ ही बैलेंस की पूछताछ की सुविधा देती है, जिससे उपयोगकर्ताओं को एक आसान अनुभव प्राप्त होगा।
यूपीआई पिन सेट या रीसेट करने के लिए यूआईडीएआई-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन
बैंक यूपीआई पिन सेट या रीसेट करने के लिए आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन भी पेशकश कर रहा है, जिससे डेबिट कार्ड एवं ओटीपी-आधारित आधार सत्यापन पर निर्भरता कम हो गई है। यूआईडीएआई फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा उपयोगकर्ताओं को चेहरे की पहचान के माध्यम से अपनी पहचान सत्यापित करने एवं बैंक ओटीपी का उपयोग करके सुरक्षित रूप से अपना यूपीआई पिन सेट या रीसेट करने की अनुमति देती है।
इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स (आईओटी) आधारित यूपीआई भुगतान
बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने बॉब इ पे यूपीआई भुगतान ऐप के माध्यम से IoT उपकरणों पर यूपीआई भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई है, जिससे डिजिटल भुगतान का दायरा स्मार्टफोन से आगे बढ़ गया है। ग्राहक अब सपोर्टेड कनेक्टेड वाहनों और स्मार्ट उपकरणों को बॉब इ पे से जोड़ सकते हैं और सीधे उनके माध्यम से सरलतापूर्वक यूपीआई भुगतान कर सकते हैं।
आईओटी-आधारित भुगतान डेलिगेट पेमेंट्स फ्रेमवर्क का विस्तार हैं और किसी प्राथमिक उपयोगकर्ता को पूर्व-निर्धारित सीमाओं के भीतर लेनदेन निष्पादित करने के लिए द्वितीयक उपयोगकर्ता या डिवाइस को भुगतान अधिकार सौंपने की अनुमति देते हैं। प्रत्येक आईओटी डिवाइस एक समय में केवल एक प्राथमिक उपयोगकर्ता से जुड़ा हो सकता है, जो एक्स्क्लूज़िव स्वामित्व, लेनदेन जवाबदेही और बढ़ी हुई सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
इन अतिरिक्त सुविधाओं के साथ, बॉब इ पे डिजिटल भुगतान में नवाचार लाने की दिशा में बैंक ऑफ़ बड़ौदा की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्राहकों के लिए सुविधा एवं सुरक्षा में भी वृद्धि करेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal