Tuesday , May 26 2026

‘अपना वाला डांस’ ही बनाता है कलाकार को खास : गीता कपूर


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 
डांस रियलिटी शो India’s Best Dancer के नए सीज़न में जज Geeta Kapoor ने डांसर्स को अपनी अनोखी पहचान और शैली विकसित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि हर कलाकार को अलग-अलग डांस फॉर्म सीखकर अपनी खासियत तलाशनी चाहिए, क्योंकि वही उसकी असली पहचान बनती है। गीता कपूर के मुताबिक मजबूत टेक्नीक और इमोशनल एक्सप्रेशन का संतुलन ही एक डांसर को पूर्ण कलाकार बनाता है। साथ ही उन्होंने युवा प्रतिभाओं को मेहनत, धैर्य और सीखने की निरंतर इच्छा बनाए रखने की सलाह दी।

आप कई सालों से डांस रियलिटी शोज़ का हिस्सा रही हैं। इंडिया’ज़ बेस्ट डांसर के साथ आपकी जर्नी हर सीज़न में रोमांचक कैसे बनी रहती है?

जवाब: मेरी इंडिया’ज़ बेस्ट डांसर की यात्रा ने हमेशा मुझे सतर्क रखा है, क्योंकि हर सीज़न में सिर्फ डांसर्स ही नहीं, बल्कि डांस भी विकसित हुआ है। इसने मुझे इस कला के बारे में और ज़्यादा सीखने का मौका दिया है और इसके विकास को अपनी आँखों से देखने का अनुभव भी कराया है।

इस सीज़न में इंडियाज़ बेस्ट डांसर का थीम ‘अपना वाला डांस’ है। एक मेंटर के नज़रिए से, डांसर्स के लिए अपनी अनोखी शैली को खोज पाना और उसे अभिव्यक्त करना कितना ज़रूरी है?

जवाब: एक मेंटर के नज़रिए से, हर डांसर को अलग-अलग स्टाइल्स ज़रूर सीखना चाहिए ताकि वो जान सकें कि कौन-सा स्टाइल उन्हें आसानी से अपनाना आता है और जिसे वो सच में पसंद करते हैं। तभी वो उसमें अपनी यूनिक क्वालिटी जोड़ पाएँगे। हम बॉलीवुड की धरती

हैं और ‘इंडिया वाला डांस’ हम सबके अंदर है।

आज के समय में डांसर्स के लिए मज़बूत टेक्नीक और इमोशनल एक्सप्रेशन के बीच बैलेंस बनाना कितना ज़रूरी है?

जवाब: मैंने हमेशा हर उस इंसान से आग्रह किया है जो डांस की ओर बढ़ता है कि इस आर्ट- फॉर्म को पूरी तरह और अच्छे संस्थान या गुरु से सीखे, ताकि मज़बूत नींव रखी जा सके। यह नींव अच्छी टेक्नीक बनाने में मदद करती है और जब उस पर एक्सप्रेशन की परत जुड़ती है, तभी डांस पूरा होता है।

उन युवा डांसर्स को आप क्या सलाह देंगी जो इंडिया’ज़ बेस्ट डांसर जैसे प्लेटफॉर्म पर परफॉर्म करने का सपना देखते हैं?

जवाब: मैं सिर्फ यही सुझाव दूँगी कि जो भी इस प्लेटफॉर्म पर आना चाहता है, वो सबसे पहले अपनी यात्रा के लिए तैयारी करे, सीखने के लिए ओपन माइंड रखे और धैर्य बनाए, क्योंकि रातों-रात कुछ हासिल नहीं होता। मेहनत के लिए तैयार रहो और अलग-अलग परिस्थितियों में काम करने के लिए भी। उसके बाद इंडिया’ज़ बेस्ट डांसर उनके टैलेंट को निखार सकता है और मज़बूत भविष्य की राह बना सकता है।