मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत में चाय सिर्फ़ एक पेय नहीं है, बल्कि यह एक एहसास है जो रोज़मर्रा की ज़िंदगी में गहराई से जुड़ा हुआ है। सुबह की दिनचर्या से लेकर दोपहर के ब्रेक तक, दिल से जुड़ी बातचीतों से लेकर सुकून के पलों तक – चाय का अपना अलग ही जादू है जो लोगों को एक-दूसरे से जोड़ देता है।
अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस के मौके पर सोनी सब के शो यादें के कलाकार इक़बाल ख़ान, अर्जुन पुंज और सृष्टि सिंह ने साझा किया कि चाय से उनका निजी रिश्ता क्यों इतना ख़ास है और क्यों एक साधारण कप चाय उनकी ज़िंदगी में आज भी अहम जगह रखता है।
चाय के प्रति अपने प्यार को साझा करते हुए, यादें के कलाकारों ने सुनाई अपनी कहानियाँ
इक़बाल ख़ान (जो शो में डॉ. देव मेहता का किरदार निभा रहे हैं) बताते हैं, “भले ही मैं रोज़ाना चाय न पीता हूं, लेकिन चाय मेरे दिल के बहुत करीब है क्योंकि इससे जुड़ी यादें बेहद ख़ास हैं। जब भी मैं अपने माता-पिता से मिलने कश्मीर जाता हूं, तो ‘नून चाय’ मेरी दिनचर्या का अहम हिस्सा बन जाती है। परिवार के साथ बैठकर, ताज़ा कश्मीरी बेकरी के पकवानों के साथ दोपहर में इसे पीना बेहद सुकून और पुरानी यादों से भरा होता है। यह उन छोटे-छोटे पलों में से है जो मुझे तुरंत घर और परिवार की याद दिला देते हैं।”
अर्जुन पुंज (जो शो में डिग्गी का किरदार निभा रहे हैं) बताते हैं “मैं हमेशा से ही चाय का दीवाना रहा हूं। मेरी चाय से मोहब्बत बचपन में शुरू हुई, जब मैं अपनी मां को दिनभर कई कप चाय का मज़ा लेते हुए देखता था। मुझे आज भी याद है कि मैं उनके पास बैठकर बिस्किट चाय में डुबोकर खाता था और उन छोटे-छोटे पलों का इंतज़ार करता था। सालों के साथ चाय मेरी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का खूबसूरत हिस्सा बन गई है। यहां तक कि मेरी पत्नी गुर्दीप, जो पहले कॉफी की शौकीन थीं, अब मेरी वजह से चाय की दीवानी हो गई हैं। यही तो चाय का जादू है – यह लोगों को जोड़ देती है।”
सृष्टि सिंह (जो शो में डॉ. वाणी का किरदार निभा रही हैं, कहती हैं) “मैं भले ही हमेशा चाय न पीती हूं, लेकिन जब भी मुझे एक अच्छी चाय की तलब लगती है – खासकर तब जब मैं थकी होती हूं या घर की याद आती है – तो वह चाय बेहद सुकूनभरी और ख़ास होनी चाहिए और मेरे लिए ‘मां के हाथ की चाय’ से बेहतर कुछ नहीं। मां के हाथ की चाय में कुछ ऐसा होता है जो तुरंत अपनापन और सुकून का एहसास दिलाता है। यह सिर्फ़ स्वाद की बात नहीं है, बल्कि उस एहसास की है – जिसमें गर्माहट, देखभाल और घर का पूरा प्यार एक कप में समा जाता है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal