Wednesday , May 20 2026

आलीशान शादी में छिपा है खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का राज़

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘फूल पिशि ओ एडवर्ड’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज़ हो गया है, जो दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाता है। जहाँ बंगाली ज़मींदारी शान, छुपे हुए राज़, डार्क ह्यूमर और रहस्य का खौफनाक खेल एक साथ देखने को मिलता है।

नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक दुखद ज़मींदार शादी की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहाँ हर मेहमान संदिग्ध नज़र आता है, हर बातचीत के पीछे कोई छिपा मकसद महसूस होता है, और हर नज़र में एक खतरनाक राज़ छुपा दिखाई देता है। ट्रेलर एक ऐसे धोखे भरे खेल की तरह सामने आता है, जो लगातार दर्शकों को एक ही सवाल पूछने पर मजबूर करता है- आखिर कातिल कौन है?

रहस्य और बंगाली संस्कृति के अनोखे रंगों को मिलाकर ‘फूल पिशि ओ एडवर्ड’ एक ऐसा माहौल रचती है, जो एक साथ डरावना, अजीब और बेहद मनोरंजक महसूस होता है। उलझे रिश्ते, भावनात्मक टकराव, विचित्र पारिवारिक समीकरण और बढ़ता हुआ शक धीरे-धीरे एक ऐसे मर्डर मिस्ट्री में बदल जाता है, जो अपने सबसे बड़े रहस्य को अंत तक छुपाकर रखता है।

ट्रेलर की सबसे खास बात इसकी अप्रत्याशित टोन है। ज़िनिया सेन की कहानी, स्क्रीनप्ले और संवाद कभी डार्क कॉमिक और विचित्र महसूस होते हैं, तो अगले ही पल मनोवैज्ञानिक तनाव और मर्डर मिस्ट्री के अराजक माहौल में बदल जाते हैं, जिससे दर्शक हर पल असमंजस में बने रहते हैं। अतिरिक्त स्क्रीनप्ले, संवाद और स्क्रिप्ट करेक्शन समराग्नी बंद्योपाध्याय द्वारा किया गया है।

फिल्म को लेकर अपनी बात साझा करते हुए राइमा सेन ने कहा, “मुझे ‘फूल पिशि ओ एडवर्ड’ की सबसे खास बात यह लगी कि हर किरदार अपने अंदर कोई न कोई राज़ छुपाए हुए है, और दर्शक हर कुछ मिनट में अपने शक बदलते रहते हैं। ट्रेलर आपको इस अजीब दुनिया में खींचने के लिए बस उतना ही दिखाता है जितना ज़रूरी है, लेकिन असली सच क्या है, यह छुपाकर रखता है। यही अनिश्चितता फिल्म को इतना रोमांचक बनाती है।”

फिल्म के बारे में बात करते हुए नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने कहा, “फूल पिशि ओ एडवर्ड के साथ हम एक ऐसी मर्डर मिस्ट्री बनाना चाहते थे, जो बंगाली संस्कृति से गहराई से जुड़ी हो, लेकिन साथ ही हर दर्शक के लिए दिलचस्प भी लगे। ज़मींदार शादी की पृष्ठभूमि ने हमें भव्यता, पारिवारिक उलझनों, हास्य, सस्पेंस और भावनात्मक उथल-पुथल को एक साथ दिखाने का बेहतरीन मौका दिया। हर किरदार के कई पहलू हैं, हर बातचीत में शक छुपा है और ट्रेलर इस रहस्य की सिर्फ शुरुआत है।”

फिल्म में राइमा सेन और सोहिनी सेनगुप्ता मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएँगी। इनके साथ अर्जुन चक्रवर्ती, अनन्या चटर्जी और डेब्यू कर रहीं श्यामौप्ति मुदली भी अहम् किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा, फिल्म में कोनिनिका बंद्योपाध्याय, अनामिका साहा, शाहेब चट्टोपाध्याय, रजतावा दत्ता, सौम्य मुखर्जी और ऋषव बसु भी शामिल हैं, जो इस रहस्य को और गहरा और अप्रत्याशित बनाते हैं। और जब आपको लगता है कि आपने कातिल का पता लगा लिया है, तभी ट्रेलर एक और शक की परत जोड़ देता है। यह फिल्म 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।