Wednesday , May 20 2026

प्यार के लिए हर खतरे से भिड़ेगी पुष्पा, ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में आएगा बड़ा मोड़

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी सब का लोकप्रिय फैमिली ड्रामा पुष्पा इम्पॉसिबल दर्शकों के लिए लेकर आ रहा है मनोरंजन का डबल डोज़ पुष्पा इम्पॉसिबल का पावर आवर, 18 मई से हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे से 10 बजे तक। आने वाले एपिसोड्स में रिश्तों पर ज़्यादा फोकस होगा, जहाँ दर्शक देखेंगे प्यार, भावनाओं और ड्रामा से भरे दिल छू लेने वाले पल। इस बार पुष्पा का अडिग जज़्बा और हिम्मत सामने आएगी जब वह प्यार और परिवार के लिए खड़ी होती है और दिल की आवाज़ सुनने का साहस दिखाती है।

आने वाले एपिसोड्स में चॉल में रोमांस की खुशबू फैलने लगती है। कपल्स अपने रिश्ते को स्वीकार करने और उसके लिए खड़े होने की हिम्मत जुटाते हैं, चाहे हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों। इसी दौरान अजित सुब्बू और उसकी गर्लफ्रेंड शिखा को उसके ताक़तवर और प्रभावशाली परिवार का विरोध झेलना पड़ता है। ऐसे में पुष्पा अपने अंदाज़ में उनका साथ देती है और प्यार को दबने नहीं देती। पुष्पा मानती है कि प्यार को हमेशा एक सही मौका मिलना चाहिए और इसी विश्वास के साथ वह इस कपल की रक्षा करने के लिए पूरी ताक़त लगा देती है। लेकिन हालात तब बिगड़ जाते हैं जब शिखा का भाई बापोदरा चॉल पहुँचकर पुष्पा और अजित सुब्बू को धमकी देता है कि अगर उन्होंने शिखा से दूरी नहीं बनाई तो वह चॉल को आग लगा देगा।

क्या पुष्पा अजित सुब्बू और शिखा के प्यार को शिखा के प्रभावशाली परिवार के गुस्से से बचा पाएगी या फिर बापोदरा चॉल पर मंडराता यह चौंकाने वाला खतरा सब कुछ बदल देगा?

करुणा पांडे (जो शो में पुष्पा का किरदार निभा रही हैं) कहती हैं, “पुष्पा हमेशा वही करती है जो उसे सही लगता है, चाहे सामने कोई भी क्यों न हो। यही उसकी निडरता है कि वह दिल की सुनती है और नतीजों की परवाह नहीं करती। मैं मानती हूँ कि सच्चे प्यार को हमेशा एक सही मौका मिलना चाहिए और उसके लिए खड़े होने में हिम्मत लगती है। मुझे सबसे अच्छा यही लगता है कि पुष्पा हर बार पूरे जुनून और भावनाओं के साथ लड़ती है। इन एपिसोड्स की शूटिंग करते हुए बहुत अच्छा लगा और दर्शक भी हमारे स्पेशल एक घंटे के पावर पैक्ड एपिसोड्स में वही भावनाएँ महसूस करेंगे।”