Vijay Oath Ceremony : तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को बड़ा ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला, जब तमिलगा वेट्री कझगम के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के साथ नौ अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया।करीब छह दशकों से तमिलनाडु की सत्ता पर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और अन्नाद्रमुक का वर्चस्व रहा है। ऐसे में किसी गैर-द्रविड़ दल के नेता का मुख्यमंत्री बनना राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक, फिल्म और सामाजिक जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी समारोह में शामिल हुए। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन भी कार्यक्रम में पहुंचे। वहीं अभिनेत्री तृषा कृष्णन की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।शपथ ग्रहण से पहले विजय ने समारोह स्थल पर पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्वागत किया। स्टेडियम के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही। विजय के समर्थन में नारेबाजी होती रही और पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला।हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने २३४ सदस्यीय विधानसभा में १०८ सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने में सफलता हासिल की थी। हालांकि पार्टी बहुमत से १० सीट पीछे रह गई थी। इसके बाद सरकार गठन को लेकर कई दिनों तक राजनीतिक अनिश्चितता बनी रही।सरकार बनाने के लिए विजय ने कांग्रेस, भाकपा, माकपा और वीसीके समेत कई दलों से समर्थन मांगा। बाद में विदुथलाई चिरुथाइगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की। इसके बाद गठबंधन का आंकड़ा १२० तक पहुंच गया और सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया।शनिवार को विजय ने कांग्रेस और माकपा नेताओं के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौंपे थे। विजय चौथी बार लोकभवन पहुंचे थे, जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।राज्यपाल ने विजय को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। विजय गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे, जिसमें कांग्रेस प्रमुख सहयोगी दलों में शामिल है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि फिल्मों से राजनीति में आए 51 वर्षीय विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि विजय की सरकार जनता से किए गए वादों को किस तरह पूरा करती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal