ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण चुनाव की तैयारियां शुरू, आयोग ने 14 से 24 जून के बीच तारीखों की घोषणा का दिया निर्देश

बेंगलुरु : लंबे समय से प्रतीक्षित ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) क्षेत्र की नगर निगम चुनाव प्रक्रिया को आखिरकार गति मिल गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि नगर निगम चुनाव की तारीखों की घोषणा 14 जून से 24 जून के बीच की जाए।दरअसल, जीबीए क्षेत्र की पांच नगर निगमों के चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। हालांकि बैठक में जीबीए के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सहित उपमुख्यमंत्री मौजूद नहीं रहे। इसके बाद बैठक राज्य निर्वाचन आयुक्त जी. ए. संग्रेशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जीबीए के मुख्य आयुक्त महेश्वर राव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त जी. ए. संग्रेशी ने कहा कि 14 जून से 24 जून के बीच चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग को जीबीए के साथ परामर्श कर चुनाव की तारीख तय करनी होती है और इसी उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई थी।राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनाव कराने के लिए आवश्यक अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब केवल चुनाव तिथियों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। जनगणना, घर-घर सर्वेक्षण तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त समय निर्धारित करने के लिए जीबीए को निर्देश दिए गए हैं।संग्रेशी ने स्पष्ट किया कि आयोग ने जीबीए को 30 जून से पहले चुनाव कार्यक्रम तय करने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में उच्चतम न्यायालय को भी जानकारी देनी होगी।राज्य निर्वाचन आयुक्त ने यह भी कहा कि चुनाव स्थगित करने का अधिकार आयोग के पास नहीं है। आयोग ने केवल 14 जून से 24 जून के बीच चुनाव कार्यक्रम घोषित करने का निर्देश दिया है।इस दौरान जीबीए के मुख्य आयुक्त महेश्वर राव ने जानकारी दी कि वार्ड परिसीमन, मतदाता सूची तैयार करने तथा आरक्षण प्रक्रिया का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के लिए निर्वाचन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों और बूथ स्तरीय अधिकारियों की नियुक्ति की दिशा में भी कार्रवाई जारी है।मुख्य आयुक्त ने कहा कि यदि कोई सरकारी प्रायोजित कार्यक्रम लंबित हैं, तो उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया समय पर संपन्न कराई जा सके।————–