माँ के नाम खास संदेश, सन नियो की अभिनेत्रियों ने साझा किए भावुक पल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चाहे हम छोटे हों या बड़े, माँ के लिए हमारा प्यार हमेशा उतना ही सच्चा, गहरा और निस्वार्थ रहता है। उम्र चाहे कोई भी हो, माँ हमारे लिए सबसे बड़ी ताकत, सुकून और सबसे सुरक्षित जगह होती है। इस मदर्स डे पर सन नियो के शो ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ की बाल कलाकार हरिति जोशी और ‘सत्या साची’ की भाग्यश्री मिश्रा अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए अपनी माँ के प्रति अपने ढेर सारे प्यार को साझा कर रही हैं।

‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में तारा का किरदार निभा रहीं हरिति जोशी कहती हैं, “मेरी माँ दुनिया की सबसे अच्छी माँ हैं, क्योंकि वह मुझसे निस्वार्थ प्रेम करती हैं और हर समय मेरे साथ खड़ी रहती हैं। मुझे आज भी याद है जब मैं बहुत बीमार थी और मुझे तेज बुखार था, तब उन्होंने पूरी रात जागकर मेरी देखभाल की थी। वह मेरे माथे पर ठंडी पट्टी रखती थीं और मुझे अपने पास लेकर सुलाती थीं ताकि मुझे डर न लगे। वह याद मेरे लिए बहुत खास है। इस मदर्स डे पर मैं उन्हें एक प्यारा-सा कार्ड बनाकर, उनकी पसंदीदा डिश बनाने की कोशिश करके और छोटे-छोटे कामों में उनकी मदद करके सरप्राइज देना चाहती हूँ, ताकि उन्हें थोड़ा आराम मिल सके। मैं बस उन्हें ‘धन्यवाद’ कहना चाहती हूँ और बताना चाहती हूँ कि मैं उनसे बहुत प्यार करती हूँ।”

‘सत्या साची’ शो में साची का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री भाग्यश्री मिश्रा कहती हैं, “मुझे लगता है कि हर दिन मदर्स डे होना चाहिए। मैं सिर्फ एक दिन ही इसे मनाने में विश्वास नहीं रखती, क्योंकि मेरी माँ मेरे लिए हर दिन खास हैं। उनके बिना मेरी दुनिया अधूरी लगती है। भले ही अब मैं बड़ी हो गई हूँ और अपने काम खुद संभाल सकती हूँ, लेकिन हर पल मुझे अपनी माँ की जरूरत महसूस होती है। ‘सत्या साची’ की शूटिंग के बाद जब मैं घर जाकर उनके साथ बैठती हूँ, तो मेरी सारी थकान दूर हो जाती है। उनसे अपने दिन की बातें करना मुझे बहुत सुकून देता है। मेरे लिए मेरी माँ ही मेरा सुकून, मेरी खुशी और मेरा हमेशा का घर हैं। मैं बस उनके लिए हर दिन को खास बनाना चाहती हूँ।”