मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रियल एस्टेट डेवलपर, गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड (GPL) ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त चौथी तिमाही और पूरे वित्तीय वर्ष के लिए अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा की। GPL ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹1,850 करोड़ का अपना अब तक का सर्वाधिक वार्षिक शुद्ध लाभ (Net Profit) दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 32% की वृद्धि दर्शाती है।
चौथी तिमाही (Q4) का शुद्ध लाभ 70% बढ़कर ₹650 करोड़ हो गया, जो GPL का अब तक का सबसे अधिक त्रैमासिक शुद्ध लाभ है। निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹10 प्रति शेयर (200%) लाभांश (Dividend) की सिफारिश की है।
GPL ने वित्त वर्ष 2026 के दौरान किसी एक वित्तीय वर्ष में अब तक का अपना सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए बिजनेस डेवलपमेंट, बुकिंग, कलेक्शन और ऑपरेटिंग कैश फ्लो के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
बुकिंग वैल्यू के मामले में गोदरेज प्रॉपर्टीज लगातार तीसरे वित्तीय वर्ष में भारत की सबसे बड़ी रेजिडेंशियल डेवलपर बनी रही। वित्त वर्ष 2026 में बुकिंग वैल्यू सालाना आधार पर (YoY) 16% और 3 साल की वार्षिक चक्रवृद्धि दर (CAGR) पर 41% की शानदार बढ़त के साथ ₹34,171 करोड़ पर पहुंच गई। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (Q4FY26) में GPL ने ₹10,163 करोड़ की बुकिंग वैल्यू दर्ज की, जो अब तक की किसी भी तिमाही का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह पिछली तिमाही (QoQ) के मुकाबले 21% की वृद्धि है।
वित्त वर्ष 2026 में कलेक्शन सालाना 17% की वृद्धि के साथ ₹19,965 करोड़ रहा। चौथी तिमाही (Q4) में ₹7,947 करोड़ का कलेक्शन हुआ, जो किसी भी भारतीय रियल एस्टेट डेवलपर द्वारा एक तिमाही में किया गया अब तक का सबसे बड़ा कलेक्शन है।
चौथी तिमाही (Q4) का ऑपरेटिंग कैश फ्लो (OCF) ₹4,631 करोड़ रहा, जिसमें पिछली तिमाही (QoQ) की तुलना में 336% की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष 2026 का OCF ₹7,830 करोड़ रहा। वित्त वर्ष 2026 में निर्माण पर प्रत्यक्ष खर्च (डायरेक्ट कंस्ट्रक्शन स्पेंड) में 62% की वृद्धि हुई। चौथी तिमाही में ₹628 करोड़ का फ्री कैश फ्लो (FCF) उत्पन्न हुआ, जो सालाना आधार पर 6% की वृद्धि है।
वित्त वर्ष 2026 में नए पोर्टफोलियो विस्तार के साथ कंपनी ने ₹42,100 करोड़ की भावी बिक्री क्षमता जोड़ी। GPL ने अपने निर्धारित लक्ष्य से दोगुनी (200%) सफलता हासिल की है और सालाना आधार पर 59% की शानदार बढ़त दर्ज की है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में कुल 12.1 मिलियन वर्ग फुट की परियोजनाएं डिलीवर कीं, जो लक्ष्य का 121% है।
वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही (Q4FY26) के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए पिरोजशा गोदरेज (कार्यकारी अध्यक्ष, गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड) ने कहा, “गोदरेज प्रॉपर्टीज के लिए वित्तीय वर्ष 2026 ऐतिहासिक रहा है। जिसमें हमने बुकिंग, कलेक्शन, ऑपरेटिंग कैश फ्लो, आय और बिजनेस डेवलपमेंट के अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भारत के प्रमुख बाजारों में आवासीय रियल एस्टेट (रेजिडेंशियल रियल एस्टेट) की मांग निरंतर मजबूत बनी हुई है। कंपनी बेहतरीन डिजाइन, समय पर डिलीवरी और उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण के माध्यम से अपनी बाजार हिस्सेदारी (मार्केट शेयर) बढ़ाना जारी रखेगी। वित्त वर्ष 26 में पोर्टफोलियो में जोड़े गए ₹42,000 करोड़ से अधिक की भावी बुकिंग क्षमता वाले नए प्रोजेक्ट्स यह सुनिश्चित करेंगे कि आने वाले वर्ष में भी हमारे पास नए लॉन्च की एक सशक्त पाइपलाइन मौजूद रहे।”
उन्होंने कहा, “वित्त वर्ष 26 में जेनरेट हुए ₹7,830 करोड़ के रिकॉर्ड ऑपरेटिंग कैश फ्लो से हमें अपनी बैलेंस शीट को मजबूत रखते हुए विकास के लिए निवेश जारी रखने में मदद मिलेगी। वित्त वर्ष 27 में, हमारा लक्ष्य कई शानदार नई परियोजनाओं की लॉन्चिंग और मौजूदा प्रोजेक्ट्स की दमदार बिक्री के जरिए रेजिडेंशियल बुकिंग को ₹39,000 करोड़ के पार ले जाने का है। निर्माण कार्यों की तेज गति हमें ऑपरेटिंग कैश फ्लो में भी तीव्र वृद्धि बनाए रखने में मदद करेगी। अपनी मजबूत लॉन्च पाइपलाइन और ठोस वित्तीय स्थिति के साथ, हम एक सफल वित्त वर्ष 27 के लिए पूरी तरह आश्वस्त हैं, हालांकि हम वैश्विक सुरक्षा स्थितियों के कारण अर्थव्यवस्था और सेक्टर की मांग पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के प्रति भी सतर्क रहेंगे।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal