कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पूर्व बर्धमान जिले के जमालपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा किया।अमित शाह ने कहा कि पहले चरण के मतदान में भाजपा को 110 से अधिक सीटों पर बढ़त मिलेगी और आगामी चार मई को जीत के बाद बर्धमान का प्रसिद्ध सीताभोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खिलाकर जीत का जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने जमालपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील भी की।सभा में केंद्रीय गृह मंत्री ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक अत्याचार हुए हैं। उन्होंने आरजी कर और संदेशखाली जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश के 20 राज्यों में भाजपा की सरकार है और कहीं भी महिलाओं को शाम सात बजे के बाद घर से बाहर न निकलने जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो महिलाएं आधी रात को भी सुरक्षित बाहर निकल सकेंगी।अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर चुनाव के दौरान हिंसा और डराने-धमकाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को डराया नहीं जा सकता तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और जनता इस बार सत्ता बदलने का मन बना चुकी है।——————-
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal