Thursday , April 9 2026

Bank of Baroda : एआई-संचालित बहुभाषी प्लेटफॉर्म बॉब संवाद का शुभारंभ

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने बॉब संवाद का लोकार्पण किया, जिसका औपचारिक शुभारंभ 28 मार्च, 2026 को मुंबई में वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग के सचिव एम. नागराजू द्वारा किया गया।

यह प्लेटफॉर्म बैंकिंग उद्योग जगत का पहला एआई-संचालित बहुभाषी बातचीत प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य शाखाओं में ग्राहक के साथ बातचीत के अनुभव को नए सिरे से परिभाषित करना है। भाषा संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए तैयार किया गया यह प्लेटफॉर्म ग्राहकों और शाखा कर्मचारियों को एक-दूसरे से उनकी पसंदीदा भाषा में सहज रूप से बातचीत करने में सक्षम बनाएगा।

वित्तीय सेवाएं विभाग के सचिव एम. नागराजू ने बॉब संवाद के शुभारंभ पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा को बधाई दी। उन्होंने बैंक ऑफ़ बड़ौदा की बैंकिंग क्षेत्र में भाषा संबंधी बाधाओं को दूर करने और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए तकनीक के नोवोन्मेषी उपयोग के लिए सराहना की।

श्री नागराजू ने कहा कि बॉब संवाद अधिक समावेशी और सुलभ सेवा को बढ़ावा देगा और शाखाओं में बेहतर ग्राहक सेवा प्रदान करने में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल ने बैंकिंग क्षेत्र के लिए एक नया मानक स्थापित किया है।

श्री नागराजू ने बॉब फॉरेस्ट का भी दौरा किया, जो बॉब अर्थ ग्रीन डिपॉजिट और ग्रीन बांड्स के बाद बैंक की एक और हरित पहल है। यह संवहनीयता और समग्र ईएसजी लक्ष्यों के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बॉब फॉरेस्ट मुंबई में बैंक ऑफ़ बड़ौदा के बीकेसी कार्यालय में निर्मित 6,000 वर्ग फुट का एक हरित उद्यान (ओएसिस) है जो जैव विविधता और स्वच्छ हवा को बढ़ावा देता है।

शुभारंभ के अवसर पर बात करते हुए, डॉ. देबदत्त चांद (प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बैंक ऑफ़ बड़ौदा) ने कहा, “बॉब संवाद के माध्यम से, बैंक ऑफ़ बड़ौदा एआई का उपयोग कर अपनी शाखाओं को अधिक समावेशी और ग्राहक-अनुकूल बना रहा है ताकि विभिन्न भाषाओं में रीयल-टाइम में सहज बातचीत संभव हो सके। यह पहल तकनीक को ग्राहक-केंद्रित डिज़ाइन के साथ जोड़कर परिचालन उत्कृष्टता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

पूरी तरह से इन-हाउस तैयार, बॉब संवाद एआई-संचालित स्पीच एवं भाषा संबंधी तकनीक का उपयोग करता है। यह 22 भारतीय भाषाओं में लो-लेटेंसी के साथ रीयल-टाइम में दो लोगों के बीच सटीक और स्वाभाविक बातचीत को संभव बनाते हुए भारत की भाषाई विविधता को स्वीकार्यता प्रदान करता है।

यह ऐप्लिकेशन सेवा काउंटर पर ग्राहकों और शाखा कर्मचारियों के बीच बाधारहित बातचीत में मदद करता है, भले ही वे अलग-अलग भाषाएं बोलते हों। ग्राहक अपनी पसंदीदा भाषा में बोल सकते हैं या अपने प्रश्न लिखकर दर्ज कर सकते हैं, जिनका तुरंत अनुवाद स्टाफ द्वारा चयनित भाषा में और स्टाफ द्वारा दिए गए जवाब का ग्राहक की भाषा में हो जाता है जिससे रीयल-टाइम में उपयुक्त बातचीत संभव होती है तथा सटीक समझ के साथ बेहतर सेवा प्रदान की जा सकती है।

बातचीत स्क्रीन पर लिखे गए शब्दों के रूप में भी दिखाई देती है। साथ ही जो ग्राहक पढ़ने की अपेक्षा सुनना पसंद करते हैं, उनके लिए एक वैकल्पिक वॉयस मोड भी उपलब्ध है, जो लिखे हुए शब्दों को आवाज़ में परिवर्तित करता है—जिससे यह सभी के उपयोग के लिए पूर्णतः सुलभ बन जाता है।

पहले चरण में बॉब संवाद को तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की 250 शाखाओं में लागू किया जाएगा। इसके बाद बैंक के पूरे शाखा नेटवर्क में बड़े पैमाने पर इसे चरणबद्ध रूप से व्यापक स्तर पर क्रियान्वित किया जाएगा।