गुवाहाटी : असम में जारी विधानसभा चुनावों के बीच रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाये हैं। इन आरोपों पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सिरे से खारिज कर दिया है।ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री की पत्नी रिनकी भुइयां शर्मा पर कई पास्पोर्ट रखने का आरोप लगाया गया है, जिसे एआई के जरिए बनाए जाने की बातें कही गयी हैं।मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए जारी अपने संदेश में कहा है कि पवन खेड़ा की रविवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरे असंतोष और घबराहट को दर्शाती है। जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह के हताश और बेबुनियाद हमले केवल उनके कमज़ोर होते जनाधार को ही उजागर करते हैं।मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता हूं। ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका मकसद असम की जनता को गुमराह करना है।मुख्यमंत्री ने कहा है कि मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे। उनके इन गैर-जिम्मेदाराना और मानहानिकारक बयानों के लिए उन्हें पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा।मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। एक बार जब अदालत में सच्चाई साबित हो जाएगी, तो पवन खेड़ा को अपने कृत्यों का परिणाम भुगतना पड़ेगा, और कानून अपना काम करेगा।असम की जनता ऐसे दुष्प्रचार से गुमराह नहीं होगी। हम पूरी तरह से केंद्रित, दृढ़ निश्चयी और जनता से 100 से अधिक सीटों का निर्णायक जनादेश हासिल करने के प्रति आश्वस्त हैं। ———————-
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal