पुडुचेरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पुडुचेरी में एक भव्य रोड शो किया और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधनके लिए समर्थन मांगा। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ जोरदार स्वागत किया।प्रधानमंत्री मोदी ने एआईएनआरसी के संस्थापक तथा राज्य के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और ए. नमस्सिवयम के साथ रोड शो किया। रोड शो अजंता सिग्नल पॉइंट से शुरू होकर कामराजर प्रतिमा/राजा थिएटर सिग्नल पर समाप्त हुआ।भाजपा कार्यकर्ताओं केअनुसार लगभग दो किलोमीटर लंबे रोड शो को पूरा होने में करीब एक घंटा लगा।रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री खुले वाहन में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते रहे। रास्तेभर समर्थकों ने उन पर फूलों की वर्षा की और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। पूरे शहर में भाजपा और एआईएनआर कांग्रेस के झंडे लहराते नजर आए, खासकर एसवी पटेल रोड से लेकर अन्ना सलाई-कामराजर सलाई जंक्शन तक। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। बड़ी संख्या में समर्थक पहले से ही रोडशो स्थल पर जुट गए थे।उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है। सत्ताधारी एआईएनआरसी और भाजपा गठबंधन मैदान में है। एआईएनआरसी 16 सीटों पर, जबकि भाजपा 10 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य सहयोगी दलों—अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) और लचिया जननायगा कत्ची—को 2-2 सीटें आवंटित की गई हैं।उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी प्रधानमंत्री मोदी ने पुडुचेरी का दौरा कर 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि उनके इस दौरे से गठबंधन की चुनावी स्थिति और मजबूत होगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal