Sunday , March 29 2026

सालों बाद आमने-सामने आईं फरिदा और अरुणा, इंडियन आइडल बना यादों का मंच

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन आइडल का आने वाला एपिसोड दर्शकों के लिए एक बेहद यादगार और भावुक शाम लेकर आ रहा है। दिग्गज अभिनेत्रियाँ फरिदा जलाल और अरुणा ईरानी सालों बाद एक साथ नज़र आएंगी। दोनों ने भारतीय सिनेमा पर राज किया है और कई आइकॉनिक गानों का हिस्सा रही हैं, जिन पर इस बार कंटेस्टेंट्स परफॉर्म करते दिखाई देंगे। एपिसोड में मस्ती, यादें और दिल छू लेने वाले किस्सों की भरमार होगी।

कंटेस्टेंट्स ने अरुणा ईरानी का स्वागत उनके मशहूर गाने “चढ़ती जवानी मेरी चाल मस्तानी” से किया। अरुणा ने मंच पर इस गाने पर शानदार अंदाज़ में परफॉर्म किया। वहीं फरिदा जी ने “ऐ दिल लाया है बहार” पर ग्रैंड एंट्री ली। दोनों एक-दूसरे को देखकर बेहद खुश हुईं और मंच पर गर्मजोशी से गले मिलीं। अरुणा ने कहा, “सबसे पहले हम सोनी का शुक्रिया करना चाहेंगे। आज इतने सालों बाद हमने एक-दूसरे को देखा है।” फरिदा ने जोड़ा कि “बॉबी फिल्म के बाद आज हम इतने सालों बाद मिल रहे हैं।”

शो के दौरान, तनीष्क ने “तेरे जैसा यार कहाँ” गाकर सबका दिल जीत लिया। इसके बाद होस्ट आदित्य नारायण ने पूछा, “फरिदा, अरुणा, अभी तनीष्क ने इतना अच्छा गाना गाया ‘तेरे जैसा यार कहाँ’। आप दोनों का सबसे अच्छा यार कौन है?” इस पर अरुणा ने जवाब दिया, “मेरी बहुत अच्छी फ्रेंड थीं स्मिता। वह एक शानदार अभिनेत्री थीं और कितनी प्यारी इंसान थीं।”

फरिदा ने कहा, “हम उन्हें बहुत प्यार से याद करते हैं। सब ही मेरे लिए खास हैं, मैं किसी एक का नाम नहीं लेना चाहूंगी। इस इंडस्ट्री ने मुझे बहुत सारा प्यार दिया है, बहुत अच्छे रिश्ते दिए हैं जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखना चाहूंगी।”

यह एपिसोड दोस्ती, यादों और भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर का जश्न होगा। इस भावुक और यादगार मुलाक़ात, दिल छू लेने वाली यादों और शानदार परफॉर्मेंस का गवाह बनिए इंडियन आइडल में, हर शनिवार और रविवार, सिर्फ़ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर।