गुरुग्राम (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चेतना संस्था ने अल्टियस के सहयोग से “आजीविका सहयोग के माध्यम से युवा महिलाओं का सशक्तिकरण: सिलाई मशीन एवं किट वितरण” कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम “सशक्त महिला, समृद्ध परिवार” थीम के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य वंचित समुदायों की युवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

इस पहल के तहत 64 युवा महिलाओं को हैंड-ऑपरेटेड सिलाई मशीनें और सिलाई किट (जिसमें कपड़ा, धागा और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है) प्रदान की गईं। यह सहयोग उन्हें अपने कौशल का उपयोग कर आय अर्जित करने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायता करेगा।

दीर्घकालिक प्रभाव और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए चयनित प्रतिभागियों को कौशल-आधारित प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। जिससे वे अपने तकनीकी कौशल को निखार सकें, कार्य की गुणवत्ता सुधार सकें और बाज़ार से जुड़कर नियमित आय अर्जित कर सकें।
इस अवसर पर चेतना संस्था के निदेशक संजय गुप्ता ने कहा कि आजीविका आधारित सशक्तिकरण सामाजिक परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी पहलें न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाती हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, पहचान और गरिमा को भी बढ़ाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान एक लाभार्थी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “यह मशीन मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे मेरे पंखों को उड़ान मिलेगी। मेरे घर में मेरी माँ दिव्यांग हैं और केवल मेरे पापा ही घर का खर्च उठाते हैं। मैं पहले से ही मशीन लेना चाहती थी, अब यह मिल गई है तो सीखकर मैं घर पर मदद कर सकती हूँ और साथ ही अपने सपनों को भी पूरा कर सकती हूँ।”

अल्टियस समूह की रुबिका ने महिलाओं को मशीन का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त किए और बताया कि वे किन-किन चुनौतियों का सामना करते हुए भी आगे बढ़ने की उम्मीद रखती हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal