रुद्रप्रयाग : विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम में हालिया भारी बर्फबारी के बाद पूरी केदार घाटी बर्फ की मोटी चादर से ढक गई है, जिससे धाम का दृश्य अत्यंत मनोहारी हो गया है। शून्य से नीचे तापमान के बावजूद उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार तैनात हैं।सुरक्षा एजेंसियां बर्फबारी के बीच भी नियमित गश्त कर रही हैं और धाम परिसर की सुरक्षा को अभेद्य बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विषम परिस्थितियों के बावजूद जवान उच्च सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके साथ ही जवान अपने बैरकों और आसपास जमी बर्फ को स्वयं साफ कर कार्यप्रणाली को सुचारू बनाए हुए हैं, जिससे कठिन मौसम के बीच भी संचालन प्रभावित न हो।केदारनाथ धाम में तैनात यह संयुक्त सुरक्षा बल न केवल कानून व्यवस्था, बल्कि मौसम के कारण उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भी हर समय तैयार है। जवानों का उच्च मनोबल ‘मित्रता, सेवा और सुरक्षा’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ कर रहा है। भारी बर्फबारी के इस दौर में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा बल हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में हैं और धाम क्षेत्र में गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal