लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। न्याय अंधा हो सकता है, लेकिन अगर पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट है, तो उसमें ह्यूमर जरूर होता है। ‘मामला लीगल है’ के पहले सीज़न में देखने को मिला कि कोर्ट जितने नाटकीय होते हैं, उतने ही मजेदार भी हो सकते हैं, वहीं अब सीज़न 2 में और अधिक अजीबोगरीब मामले देखने को मिलेंगे, जिनसे निपटेगी वही गजब टीम, जिसे हर कोई प्यार करता है। नए जारी हुए ट्रेलर में दर्शकों को कुछ ऐसे मामले देखने को मिलेंगे, जिनमें जबरदस्त लड़ाई, तेज बुद्धि और अप्रत्याशित मोड़ के साथ और अधिक मजेदार घटनाएं होंगी।
वी.डी. त्यागी को आखिरकार जज की कुर्सी मिल ही गई, पर यहाँ घटने वाली अजीबोगरीब घटनाओं का नेतृत्व करने का बोझ कितना ज्यादा होने वाला है? यह सब देखकर केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि आपको भी चक्कर आ जाएगा। पटपड़गंज के वकील एक बार फिर वापस आ रहे हैं। वो बिजली के झटके देने वाले गेट से लेकर स्टिंग ऑपरेशन और सीक्रेट लव अफेयर तक हर चीज को संभालते हुए पूरे कोर्टरूम में उथल-पुथल मचाने वाले हैं। साथ ही, इसमें देखने को मिलेगी ऐसी इंटरपर्सनल डायनामिक्स, जो खुदबखुद चिंगारी भड़का सकती है।
पोषम पा पिक्चर्स द्वारा निर्मित इस सीरीज़ में शो-रनर समीर सक्सेना हैं। इसके डायरेक्टर राहुल पांडे हैं। सौरभ खन्ना और कुणाल अनेजा द्वारा निर्मित किरदारों और दुनिया पर आधारित नए सीज़न की कहानी सैयद शदान, मोहक अनेजा और तत्सत पांडे ने लिखी है तथा कुणाल ने टीम को लीड किया है।
वी.डी. त्यागी के किरदार में वापसी कर रहे एक्टर रवि किशन ने कहा कि “मामला लीगल है सीज़न 2 में वी.डी त्यागी के रूप में वापसी करके ऐसा महसूस हो रहा है कि मैं अपने घर यानी, अपने मजेदार और प्यारे कोर्टरूम में लौट आया हूँ। इसके पहले सीज़न को दर्शकों से काफी स्नेह मिला। ऐसे किरदार हर कलाकार का सपना होते हैं, जो लोगों के दिलों में बस जाएँ। मेरे लिए त्यागी का किरदार ऐसा ही है। ‘मामला लीगल है सीज़न 2’ में, दर्शकों को और अधिक ह्यूमर एवं गहरे रिश्ते देखने को मिलेंगे। दुनिया की अफरा-तफरी और कॉमेडी के बीच, दर्शक और अधिक ईमानदारी, अपनापन एवं जज्बात महसूस करेंगे। पोषम पा पिक्चर्स और नेटफ्लिक्स के बीच यह सबसे अच्छे सहयोगों में से एक है। मुझे उम्मीद है कि इस नई सीरीज़ में दर्शकों को अपने रोजमर्रा के जीवन की हार-जीत की झलक मिलेगी।”
मामला लीगल है सीज़न 2 में निधि बिष्ट, नैला ग्रेवाल, अनंत जोशी और अंजुम बत्रा की वापसी के साथ इस कोर्टरूम ड्रामा को और ज्यादा मजेदार बनाने आ रहे हैं कुशा कपिला और दिनेश लाल यादव।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal