Chennai Blast : चेन्नई के नवल्लूर इलाके में एक सिलेंडर में धमाके का मामला सामने आया है, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई है और सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटना सुबह करीब 7:40 बजे चेन्नई दक्षिण के नवल्लूर इलाके के चामुंडीश्वर नगर स्थित तीसरी गली में हुई। इस धमाके से तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकान भी प्रभावित हुए, और इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस एवं दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किए।घटना में संजय कुमार और सोनिया के डेढ़ वर्षीय बच्चे धीरन और चार वर्षीय कृतिका की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, प्रदीप (7), सेल्वी (40), वैरामुथु (45), संजीव कुमार (27), सोनिया (25), मुरुगन (45), और चित्रा (55) नामक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत हो रहा है कि धमाका एक संदिग्ध एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण हुआ है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि पूरी घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं, और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal