सूरत : सूरत के स्वामिनारायण मंदिर के वॉशरूम में दो कॉलेज छात्राओं की आत्महत्या के मामले ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है। इस घटना पर टेस्ला के सीईओ और एक्स के मालिक एलन मस्क ने भी प्रतिक्रिया दी है।सूरत के एसीपी नीरव गोहिल के अनुसार अनुसार, आत्महत्या से पहले दोनों युवतियों ने चैट जीपीटी पर कुछ सर्च किया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने सिर्फ एक शब्द लिखा – “Yikes”, जिसका अर्थ है भयावह या चौंकाने वाला।जानकारी के अनुसार, 6 मार्च को 18 से 20 वर्ष की उम्र की दो युवतियां कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक की तो पता चला कि दोनों सूरत के स्वामिनारायण मंदिर परिसर में हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में दोनों युवतियां मंदिर के वॉशरूम में जाती दिखाई दीं, जहां बाद में उनके शव मिले। मौके से पुलिस को एनेस्थेटिक ड्रग्स की बोतलें और सिरिंज भी बरामद हुईं।मोबाइल सर्च हिस्ट्री से हुआ खुलासापुलिस जांच के दौरान जब युवतियों के मोबाइल फोन अनलॉक किए गए तो उनकी चैट जीपीटी सर्च हिस्ट्री में आत्महत्या के लिए किस प्रकार की दवाओं का उपयोग किया जा सकता है, इस संबंध में जानकारी खोजी गई थी। इसके अलावा मोबाइल गैलरी में एक न्यूज रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट भी मिला, जिसमें एनेस्थेटिक इंजेक्शन के जरिए आत्महत्या का जिक्र था।एलन मस्क लंबे समय से चैटजीपीटी की पेरेंट कंपनी ओपन एआई के आलोचक रहे हैं। वह अक्सर अपने एआई चैटबॉट Grok को चैटजीपीटी से बेहतर और अधिक सुरक्षित बताते हैं। इससे पहले भी मस्क ने आरोप लगाया था कि ओपेन एआई मुनाफे के लिए नैतिक मूल्यों से समझौता कर रहा है। इस घटना के बाद मस्क ने तंज कसते हुए कहा कि Grok की वजह से किसी ने आत्महत्या नहीं की, जबकि चैटजीपीटी के मामले में ऐसी बातें सामने आ रही हैं।इस मामले में अमेरिका की पॉडकास्टर और सरकारी कार्यक्षमता विभाग की पूर्व सलाहकार केटी मिलर ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि भारत में दो युवतियों ने चैटजीपीटी से बातचीत करने के बाद आत्महत्या कर ली। उनके अनुसार युवतियों ने चैटजीपीटी पर “आत्महत्या कैसे करें”, “आत्महत्या किस तरह की जा सकती है” और “कौन-सी दवाओं का इस्तेमाल होता है” जैसे सवाल खोजे थे। उन्होंने अपनी पोस्ट में लोगों से अपील करते हुए लिखा कि कृपया अपने प्रियजनों को चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने से रोकें।एलन मस्क की प्रतिक्रिया – “भयावह”एक्स पर केटी मिलर ने इस घटना से जुड़ी जानकारी साझा की थी, जिसमें बताया गया था कि किस तरह कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरण का उपयोग आत्मघाती कदम उठाने के लिए किया गया। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने “भयावह” लिखकर अपना आश्चर्य और चिंता जताई। उनकी इस टिप्पणी के बाद यह मामला वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal