Sunday , March 8 2026

मप्र के कटनी में मालगाड़ी के बेपटरी, 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो पाया रेल यातायात

कटनी : बिलासपुर रेल खंड पर मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन के पास कोयले से भरी मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरने के बाद से ट्रैक को सुधारने का कार्य जारी है। पिछले 24 घंटे बीतने के बावजूद अभी तक रेल यातायात बहाल नहीं हो सका है।दरअसल, बिलासपुर से कटनी की ओर आ रही मालगाड़ी शनिवार सुबह करीब 11 बजे कटनी रेलवे स्टेशन के पास गायत्री नगर आउटर पर बेपटरी हो गई थी। अचानक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरकर एक तरफ झुक गए और उनमें लदा कोयला ट्रैक पर बिखर गया था। इससे रेल मार्ग पर परिचालन बाधित हो गया। हालांकि, इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। डीआरएम सहित रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियरों की टीम, जीआरपी और आरपीएफ का बल पहुंचा और प्रारंभिक जांच के बाद एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) को बुलाकर ट्रैक बहाली का कार्य तुरंत शुरू किया गया। रविवार को खबर लिखे जाने तक ट्रैक बहाली का कार्य जारी है। रेलवे का अमला क्षतिग्रस्त पटरियों को सुधारने और स्लीपर बदलने के कार्य में लगा है। सिंगरौली और बिलासपुर रूट अभी भी प्रभावित है और गुड्स ट्रेनों को जहां ग्रेड सेपरेटर से निकाली जा रही हैं तो वहीं यात्री ट्रेनों को कटनी स्टेशन से चलाया जा रहा है।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डिब्बों को पटरी पर लाने और ट्रैक की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक ट्रेक का सुधार कार्य पूरा हो जाएगा और उसके बाद रेल आवागमन शुरू हो जाएगा।कटनी-बिलासपुर रेल मार्ग के एरिया मैनेजर रोहित सिंह ने बताया कि कोयला लोड मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इससे दोनों ओर से यातायात प्रभावित है। चिरमिरी-कटनी मेमू (ट्रेन क्रमांक 61601) को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य ट्रेनों को रूट बदलकर चलाया जा रहा है। जबलपुर रेल मंडल की टीम मामले की जांच कर रही है।