Saturday , March 7 2026

वेदांता ग्रुप ने लांच किया राष्ट्रव्यापी कैंपेन #HerAtTheCore

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर वेदांता ग्रुप ने संगठन के सभी स्तरों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को 35 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है। कंपनी ने राष्ट्रव्यापी कैंपेन #हरएटदकोर के लॉन्च और लिंक्डइन की अगुवाई में एक हायरिंग ड्राइव शुरू की है। जिसके तहत महिलाओं को माइनिंग, मैटल्स, ऑयल एंड गैस, पावर एवं टेक्नोलॉजी में करियर बनाने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। भारत में उद्योगों के सालाना सर्वेक्षण के मुताबिक 2023-24 में उद्योगों में प्रत्यक्ष रूप से काम करने वाली महिलाओं की संख्या तकरीबन 18 फीसदी थी, जबकि कोर सेक्टर जैसे माइनिंग और मैटल्स में कार्यरत महिलाओं की संख्या मात्र 6 फीसदी थी। 

#हरएटदकोर कैंपेन इस तथ्य पर रोशनी डालता है कि भारत ओद्यौगिक विकास के दशक में प्रवेश कर रहा है। विश्वस्तरीय उर्जा रूपान्तरण को बढ़ावा दे रहा है, ईवी आपूर्ति श्रृंखला का निर्माण कर रहा है तथा आधुनिक मैनुफैक्चरिंग एवं टेक्नोलॉजी में अपनी भूमिका को मजबूत बना रहा है। इन उद्योगों के विकास के लिए मैटल्स, मिनरल्स, ऑयल एंड गैस और पावर बेहद ज़रूरी हैं। इसके बावजूद भविष्य का निर्माण करने वाले इन कोर सेक्टरों के कार्यबल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व मात्र 6 फीसदी है।

भारत की आर्थिक उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए इन्हें चलाने वाले उद्योगों में देश की प्रतिभा की पूरी ताकत दिखनी चाहिए। आज वेदांता में महिलाएं कार्यबल का 23 फीसदी हिस्सा बनाती हैं, जो उद्योग जगत के औसत की तुलना में काफी अधिक है। ‘6 फीसदी पर्याप्त नहीं है और 23 फीसदी मात्र शुरूआत है’ इस संदेश के साथ #हरएटदकोर कैंपेन उद्योग जगत की उन खामियों और अवसरों दोनों को उजागर करता है, जो प्रमुख उद्योगों में भावी कार्यबल को आकार दे सकते हैं।

इस पहल पर बात करते हुए प्रिया अग्रवाल (हेब्बर, नॉन-एक्ज़क्टिव डायरेक्टर, वेदांता लिमिटेड और चेयरपर्सन, हिंदुस्तान ज़िंक लिमिटेड) ने कहा, ‘‘भारत की विकास की महत्वाकांक्षाओं को साकार करने के लिए इसकी प्रतिभा की पूर्ण भागीदारी ज़रूरी है। आज वेदांता में महिलाएं हमारे कार्यबल का 23 फीसदी हिस्सा बनाती हैं, लेकिन यह सिर्फ एक शुरूआत है। हमने 35 फीसदी तक बढ़ने और अंततः 50 फीसदी का तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। हम न सिर्फ महिलाओं की भागीदारी बढ़ा रहे हैं, बल्कि सिस्टम को नया आयाम देकर, आधुनिक तकनीकों को अपनाकर महिलाओं को कोर उद्योगों में शामिल होने के लिए सक्षम बना रहे हैं। #हरएटदकोर एक जश्न और एक आह्वान है। हम विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली महिलाओं को प्रोत्साहित करते हैं कि हमारे साथ जुड़ें तथा दुनिया को संचालित करने वाले सेक्टरों को नया आकार देने में मदद करें।’’