लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। हिंदी ज़ी5 ने अपनी आने वाली फिल्म ‘जब खुली किताब’ का ट्रेलर रिलीज़ किया, जो दर्शकों को पर्दे पर बड़ी उम्र के प्यार की दिल को छूने वाली, मज़ेदार और ताज़गी भरी कहानी की झलक दिखाता है। सौरभ शुक्ला की लिखी और उनके निर्देशन में बनी इस फिल्म में पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया की शानदार जोड़ी नज़र आने वाली है। इस फिल्म में शादी के पचास साल बाद पति-पत्नी के जज्बाती उलझनों को बड़ी बारीकी से दिखाया गया है, और यह शादी एक लंबे अरसे से दबी हुई सच्चाई के सामने आने पर टूट जाती है।
फिल्म के ट्रेलर में हमें गोपाल (पंकज कपूर) और अनुसूया (डिंपल कपाड़िया) की खामोशी भरी और जानी-पहचानी दुनिया की झलक दिखाई देती है, जो बीते 50 सालों से एक-दूसरे की रोजाना की आदतों, यादों और बिना कहे समझ लेने वाले रिश्ते से जुड़े हैं। उनकी शांत सी लगने वाली ज़िंदगी में उस वक्त अचानक एक मोड़ आता है, जब अनुसूया लंबे अरसे से सीने में दफ़न एक राज़ से पर्दा उठाती है, जिससे उनके रिश्ते की जड़ें हिल जाती है।
गोपाल के लिए इस सच्चाई को स्वीकार करना मुश्किल है जो खुद को दिल टूटने और इज्ज़त के बीच फंसा हुआ पाता है, और आखिर में तलाक लेने का फैसला करता है।
उनकी ये कहानी उन्हें एक युवा वकील के पास ले जाती है, जिसका किरदार अपारशक्ति खुराना ने निभाया है, जहाँ कड़वी बातचीत से सालों के अनकहे जज्बात, छिपा हुआ दर्द और दिल में दबी हुई मोहब्बत बाहर आने लगती है।

ट्रेलर में बड़ी बारीकी से दिखाया गया है कि जैसे-जैसे पुरानी यादें ताज़ा होती हैं और सच सामने आता है, वैसे ही वक्त के साथ प्यार का इम्तिहान होता है। संजीदगी, अपनेपन और सच्चाई के बेहतरीन तालमेल पर आधारित यह फिल्म रिश्तों, माफ़ी और अतीत का सामना करते हुए पुराने रिश्ते को फिर से जोड़ने की ताकत की एक जबरदस्त कहानी है।
थोड़ी-बहुत हंसी-मजाक और बड़े सहज तरीके से आगे बढ़ाने वाले लम्हों को मिलाकर तैयार की गई यह फिल्म हल्की-फुल्की बनी रहती है और अंत में वाकई एक मज़ेदार अनुभव बन जाती है।
अभिनेता, पंकज कपूर ने अपने किरदार गोपाल के बारे में बात करते हुए कहा, “सौरभ शुक्ला का विज़न ही ‘जब खुली किताब’ को सच में खास बनाता है। वाकई ऐसा फिल्ममेकर मिलना मुश्किल है जो उम्रदराज़, बड़ी उम्र के लोगों के प्यार को कहानी का हिस्सा बनाए, और उन्होंने ये काम बड़ी ईमानदारी से, बड़े मजेदार और प्यार भरे अंदाज़ में किया है। सौरभ ने जिस कहानी को पर्दे पर उतारा है, उसमें नयापन होने के साथ-साथ सच्चाई भी है। वो हमें याद दिलाते हैं कि प्यार उम्र के साथ फीका नहीं पड़ता। यह वक्त के साथ बढ़ता है, कभी-कभी उलझनें भी आती हैं, दिल दुखता है और फिर सब ठीक हो जाता है। एक ऐसे इंसान का किरदार निभाने की यह चुनौती बड़ी मजेदार थी, जो उम्र के इस पड़ाव पर फिर से प्यार महसूस कर रहा है; मुझे खुशी है कि मैं एक ऐसी कहानी का हिस्सा बना, जिसमें उम्र के इस दौर को इतनी इज़्ज़त, सच्चाई और गहरे जज्बातों के साथ दिखाया गया है।”
अनुसूया का किरदार निभाने वाली अदाकारा, डिंपल कपाड़िया ने कहा, “सच कहूँ तो, ‘जब खुली किताब’ मेरे लिए हर कसौटी पर खरा उतरने वाला प्रोजेक्ट है— जिसकी एक खूबसूरत कहानी है, जिसमें मुझे पंकज कपूर के साथ काम करने और सौरभ के डायरेक्शन में काम करने का मौका मिला, और पहाड़ों के शानदार नज़ारों और वहां के रूहानी अहसास के साथ ये किरदार निभाने का मौका मिला। अनुसूया के किरदार को इतनी गहराई और सच्चाई से लिखा गया है कि, उसके अलग-अलग पहलुओं को पर्दे पर उतारने में मुझे बहुत खुशी हुई। मुझे अनुसूया की एक बात सबसे अच्छी लगी, वो है उसके इरादे की सादगी — वह अपनी शादी तोड़ने की कोशिश नहीं कर रही; बल्कि वह इसमें ईमानदार रहने की कोशिश कर रही है। इतनी ईमानदारी, और वो भी सालों तक साथ रहने के बाद, दिखाने के लिए जज्बातों तौर पर बड़ी हिम्मत चाहिए। इतने गहरे और संजीदा किरदार को निभाकर बहुत अच्छा लगा और मैं सच में एप्लॉज एंटरटेनमेंट और हिंदी ज़ी5 की शुक्रगुजार हूँ, कि वे ऐसी कहानियों को सामने ला रहे हैं जो बोल्ड, दिल के करीब और इंसानी जज्बातों से भरी हैं।”
अपारशक्ति खुराना ने कहा, “मेरा किरदार उस अनजान आईने जैसा है, जिसके ज़रिए बीते दिनों की यादें गोपाल और अनुसूया के सामने आने लगती हैं। उम्र के फासले की वजह से कई ऐसे मौके आते हैं, जो हंसाते भी हैं और जज्बातों को भी सामने लाते हैं। मुझे इस फिल्म की सबसे अच्छी बात ये लगी कि इसमें माफ़ी और रिश्तों को कितनी हल्के-फुल्के अंदाज़ में, लेकिन गहराई के साथ दिखाया गया है। ये कहानी सच में नायब है।
जब खुली किताब थोड़ी हंसी और दिल के दर्द की बेमिसाल जुगलबंदी है, जिसमें बड़ी उम्र के प्यार और उसे फिर से शुरू करने की हिम्मत को बिल्कुल अनोखे और संजीदा तरीके से दिखाता है। अलग-अलग पहलू वाले किरदारों, दमदार लेखन और भारत के कुछ शानदार कलाकारों के बेहतरीन अभिनय के साथ, यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal